

Ajit Pawar Funeral Theft News: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार का 28 जनवरी को विमान हादसे में निधन हो गया। उनके निधन से पूरा राज्य शोक में डूबा हुआ था।
पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान के मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अंतिम दर्शन के लिए महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से लाखों लोग पहुंचे और पूरे शहर में शोक का माहौल था।
अंतिम संस्कार के दौरान भारी भीड़ का फायदा उठाते हुए चोरों ने 15 लोगों के गहने चुराए। चोरी गए गहनों की कीमत लगभग 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि उस दिन बारामती में करीब 8 हजार पुलिसकर्मी तैनात थे। इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी होने से पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
घटना के तुरंत बाद नागरिकों ने संदिग्धों को रंगे हाथों पकड़ लिया, जबकि कुछ आरोपियों को पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस ने मोहम्मद यूनुस, राजकुमार आठवले, एजाज मिरावले, मोहम्मद सिराज, बालू बोत्रे सहित दो अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
अजित पवार के अंतिम संस्कार के दौरान शहर में शोक का माहौल था, वहीं दूसरी ओर चोरों की इस हरकत ने लोगों को हैरान कर दिया। बारामती के नागरिक इस घटना को लेकर काफी नाराज हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अंतिम संस्कार जैसी सार्वजनिक जगहों पर अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।