Maharashtra Local Body Election: पुणे में महिला वोट की ताकत बढ़ी, मसौदा सूची में बड़ा बदलाव दर्ज

PMC Election की मसौदा मतदाता सूची में 35.51 लाख मतदाता दर्ज हुए हैं। 9 वार्डों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है, जिससे इन क्षेत्रों में महिला वोट चुनाव परिणामों को प्रभावित करेंगे।
Pune News
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on: 
Updated on: 

Pune News In Hindi: मनपा के आगामी चुनाव के लिए जारी मसौदा मतदाता सूची में कुल 35 लाख 51 हजार 469 मतदाताओं का रजिस्ट्रेशन हुआ है।

पुरुषों की संख्या महिलाओं से अधिक है लेकिन यह स्पष्ट हो गया है कि शहर के 41 में से 9 वार्ड (प्रभागों) में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है।

इसलिए इन वार्डों में महिला वोट निर्णायक साबित होंगे। स्थानीय स्वशासन निकायों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू होने के कारण सक्रिय राजनीति और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

पुणे में इस चुनाव में 165 नगरसेवक चुने जाएंगे जिनमें से 83 महिलाएं और 82 पुरुष होंगे। यदि ओपन कैटोगरी से कोई और महिला जीतती है तो महिलाओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। पहले घर के मुखिया के मत के अनुसार मतदान करने वाली महिलाओं ने अब अपना स्वयं का निर्णय लेना शुरू कर दिया है।

यही कारण है कि सभी राजनीतिक दल महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनावों के नतीजे महिला वोटिंग के कारण कैसे बदले, इसके उदाहरण सभी को ज्ञात हैं।

पुणे में भी इच्छुक उम्मीदवार महिला मतदाताओं के लिए खास कार्यक्रम, पर्यटन और प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित करके उनका समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

कसबा और कैंटोन्मेंट में महिला मतदाता आगे

शहर के नौ वार्ड में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। इनमें से कसबा विधानसभा क्षेत्र के चार वाई, कैटोन्मेंट के दो वार्ड, साथ ही शिवाजीनगर, कोथरूड और बड़गांव शेरी विधानसभा क्षेत्र के एक-एक वार्ड में महिलाओं की संख्या अधिक दर्ज की गई है।

मसौदा मतदाता सूची के अनुसार पुरुष मतदाताओं की संख्या 18 लाख 32 हजार 205 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 17 लाख 18 हजार 775 है और तृतीयपंथी मतदाताओं की संख्या 489 है।

Navbharat Live
navbharatlive.com