PM Kisan 24th Installment: महाराष्ट्र के 91 लाख किसानों के खाते में आए ₹1,835 करोड़, PM मोदी ने जारी की किस्त

PM Kisan Samman Nidhi 24th Installment: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी है। महाराष्ट्र के 91,12,765 किसानों के खातों में 1,835 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की।
PM Narendra Modi PM Kisan 24th Installment Maharashtra Farmers
पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करते पीएम मोदी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े सीएम फडणवीस सोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी की।

  • देश के 9.34 करोड़ किसानों को ₹18,690 करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता।

  • महाराष्ट्र के 91 लाख से अधिक किसानों के खातों में ₹1,835.01 करोड़ सीधे भेजे।

PM Kisan 24th Installment Maharashtra Farmers: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पीएम नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित एक कार्यक्रम में देश भर के 9.34 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में 24वीं किस्त के रूप में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक सीधे ट्रांसफर किए। इसके तहत महाराष्ट्र के 91,12,765 किसानों के बैंक खातों में 1,835 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए, केंद्र सरकार न केवल वित्तीय सहायता को, बल्कि विज्ञान, तकनीक, सिंचाई, पशुपालन और कृषि से जुड़ी अन्य गतिविधियों को भी प्राथमिकता दे रही है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने आधिकारिक आवास 'वर्षा' से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कृषि विभाग के सचिव परिमल सिंह भी इस दौरान मौजूद थे। वहीं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पुणे में जिला कलेक्टर कार्यालय से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त वितरण कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हिस्सा लिया।

पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के 9.34 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के रूप में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता वितरित की। इसमें महाराष्ट्र के 91,12,765 लाभार्थी किसानों को दी गई लगभग 1,835.01 करोड़ रुपये की राशि भी शामिल है। राज्य में सूखे की स्थिति को देखते हुए यह सहायता किसानों को बहुत जरूरी राहत प्रदान करती है।

कृषि अवसंरचना कोष की 521 इकाइयों का लोकार्पण

सुनेत्रा पवार ने बताया कि पीएम मोदी ने कृषि अवसंरचना कोष के तहत विकसित 521 इकाइयों को राष्ट्र को समर्पित किया गया और 12 बागवानी क्लस्टरों का उद्घाटन किया गया। किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करने वाली यह पहल आधुनिक कृषि बुनियादी ढांचे का विकास करती हैं और बागवानी को बढ़ावा देती हैं। यह देश के कृषि क्षेत्र के विकास के लिए एक नई दिशा तय करेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों की बदौलत, पिछले कुछ वर्षों में देश भर के किसानों को या तो सीधे धनराशि मिली है या फिर उनके खर्चों में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बचत हुई है। छोटे किसान जो देश के कुल किसान समुदाय का 85 प्रतिशत से अधिक हिस्सा हैं उन्हें पीएम किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में लगभग 4 लाख करोड़ रुपये मिले हैं।

PM Narendra Modi PM Kisan 24th Installment Maharashtra Farmers
PM Kisan Yojana: पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त कैसे चेक करें और निकालें; जानें Step by Step

किसानों को किफायती खाद देने 16 लाख करोड़ रुपये खर्च

वैश्विक बाजार में खाद की कीमतें बढ़ने के बावजूद, केंद्र सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि इसका बोझ किसानों पर न पड़े। सरकार ने लगभग 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए ताकि किसानों को खाद किफायती दरों पर मिलती रहे।

पिछले 12 वर्षों में, गेहूं और धान उगाने वाले किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) व्यवस्था के जरिए 24 लाख करोड़ रुपये मिले हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि पिछले एक दशक में, किसानों को 'प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना' के तहत मुआवजे के रूप में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है।

PM-KUSUM योजना के तहत 12 लाख सोलर पंप वितरित

सिंचाई से जुड़े खर्चों को कम करने के लिए, PM-KUSUM योजना के तहत अब तक लगभग 12 लाख सोलर पंप दिए गए हैं। इन पंपों की मदद से किसान 80 करोड़ लीटर से अधिक डीजल बचाने में सफल रहे हैं। इसके अलावा, किसान अतिरिक्त बिजली पैदा करके भी लाभ कमा रहे हैं।

PM Narendra Modi PM Kisan 24th Installment Maharashtra Farmers
मुंबई के गरीब नगर में रेलवे ने 94 ढांचों पर चलाया बुलडोजर, बांद्रा टर्मिनस का होगा विस्तार

स्वदेशी पशुधन के संरक्षण को बढ़ावा

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि कि बदलती जलवायु परिस्थितियों के अनुकूल बीजों की लगभग 3,000 नई किस्में किसानों को उपलब्ध कराई गई हैं। पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, और राष्ट्रीय गोकुल मिशन स्वदेशी पशुधन के संरक्षण और वैज्ञानिक प्रजनन को बढ़ावा दे रहा है।

पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग (FMD) से बचाने के लिए देशव्यापी मुफ्त टीकाकरण अभियान चलाया गया है। अब तक लगभग 1.5 अरब (150 करोड़) वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है, जिससे 8 करोड़ से अधिक किसानों के पशुधन को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि देश में गाय और भैंस से मिलने वाले औसत दैनिक दूध की मात्रा 2013-14 में 5 लीटर से कम थी, जो आज बढ़कर लगभग 8 लीटर हो गई है।