

Earthquake Tremors In Palghar: महाराष्ट्र के पालघर जिले में गुरुवार शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने 'एक्स' पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। इसके मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई, जो कम तीव्रता की श्रेणी में आती है।
एनसीएस के अनुसार, भूकंप का समय 8 अक्टूबर, शाम 7 बजकर 16 मिनट 20 सेकेंड (आईएसटी) रहा। भूकंप का केंद्र अक्षांश 20.109 और देशांतर 72.948 पर स्थित था। जमीन से इसकी गहराई 7 किलोमीटर दर्ज की गई है। एजेंसी के अनुसार भूकंप का स्थान नासिक (महाराष्ट्र) से 88 किलोमीटर पश्चिम में था।
भूकंप के झटके पालघर शहर के साथ-साथ आसपास के कुछ इलाकों में भी महसूस किए गए। कम तीव्रता होने के कारण किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। स्थानीय प्रशासन ने भी स्थिति सामान्य होने की बात कही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, 3 से 4 तीव्रता तक के भूकंप को हल्का भूकंप माना जाता है, जिसमें आमतौर पर ज्यादा नुकसान नहीं होता, लेकिन झटके महसूस किए जा सकते हैं। महाराष्ट्र का यह क्षेत्र सीस्मिक जोन 3 में आता है, जहां मध्यम तीव्रता के भूकंप आने की संभावना बनी रहती है।
महाराष्ट्र राज्य में पिछले कुछ महीनों में कई बार हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले भी पालघर और नासिक बेल्ट में भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गई थीं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र लगातार भूकंपीय गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
एनसीएस ने लोगों से अपील की है कि भूकंप के दौरान घबराएं नहीं और सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहें।
भूकंप के झटके महसूस होने पर घबराएं नहीं और तुरंत खुले स्थान की ओर जाएं। यदि घर के अंदर हों तो किसी मजबूत मेज या टेबल के नीचे शरण लें तथा खिड़कियों, कांच और भारी अलमारियों से दूर रहें। लिफ्ट का प्रयोग न कर सीढ़ियों का ही इस्तेमाल करें। भूकंप के बाद भी स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें।