

Nalasopara CNG Shortage Gujrat Gas Supply News: नालासोपारा पूर्व के धनीवबाग और आस-पास के इलाकों में सीएनजी की भारी किल्लत ने हाहाकार मचा दिया है।
गुजरात गैस कंपनी की ओर से सीएनजी की आपूर्ति बाधित होने के कारण ऑटो रिक्शा चालकों, निजी वाहन मालिकों को बेहद गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि सीएनजी भरवाने के लिए पंपों पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
क्षेत्र के सीएनजी पंपों के बाहर का नजारा बेहद डरावना है। सीएनजी पंपों के बाहर मुख्य सड़कों तक वाहनों की कतारें पहुंच चुकी हैं। वाहन चालकों को अपनी गाड़ी में गैस भरवाने के लिए कम से कम 4 से 5 घंटे तक का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
सीएनजी की इस तीव्र किल्लत के कारण स्थानीय यात्री परिवहन (पैसेंजर ट्रांसपोर्ट) पूरी तरह चरमरा गया है। सबसे ज्यादा मार रोजाना कमाने-खाने वाले ऑटो रिक्शा चालकों और कमर्शियल लाइट व्हीकल मालिकों पर पड़ी है, जिनकी रोजी-रोटी पर अब सीधे संकट मंडराने लगा है।
गुजरात गैस कंपनी की ओर से आपूर्ति में आई तकनीकी बाधा के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। हम स्थिति पर नजर बनाए -हुए है। सीएनजी पंप संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे है ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति को सुचारू और नियमित किया जा सके।
- भागवत सोनार (आपूर्ति अधिकारी)