

Maharashtra CNG Price Hike News: देशभर में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से पहले ही परेशान आम लोगों की चिंता अब सीएनजी की महंगाई ने और बढ़ा दी है। पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे थे, वहीं अब सीएनजी की कीमतों में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मुंबई, पुणे, नाशिक और छत्रपति संभाजीनगर समेत कई शहरों में सीएनजी महंगी होने से ऑटो, टैक्सी और निजी वाहनों का खर्च बढ़ने की संभावना है। इससे आम लोगों के मासिक बजट पर बड़ा असर पड़ सकता है। पुणे में एमएनजीएल कंपनी ने सीएनजी की कीमत में प्रति किलो 2 रुपये 50 पैसे की बढ़ोतरी की घोषणा की है।
इसके बाद शहर में सीएनजी का भाव 92 रुपये 25 पैसे से बढ़कर सीधे 94 रुपये 75 पैसे प्रति किलो हो गया है। बढ़ी हुई दरें 27 मई की मध्यरात्रि से लागू कर दी गई हैं। कंपनी ने इनपुट गैस की लागत बढ़ने को इस फैसले का कारण बताया है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर ऑटो और टैक्सी चालकों के साथ रोजाना सफर करने वाले नागरिकों पर पड़ेगा।
ऑटो, टैक्सी और कैब सेवाओं का किराया बढ़ने की आशंका पेट्रोल, डीजल और सीएनजी तीनों ईंधनों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से परिवहन खर्च बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। खासतौर पर ऑटो, टैक्सी और कैव सेवाओं का किराया बढ़ सकता है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
वाहन चालकों का कहना है कि यदि इसी तरह सीएनजी के दाम बढ़ते रहे तो यह जल्द ही 100 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच सकती है। जिसके चलते यात्रा का दाम भी बढ़ने की पूरी संभावना है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच नागरिक सरकार से तत्काल राहत की मांग कर रहे हैं।