

CBI Raid In Nagpur: नीट पेपर लीक मामले की परतें अब तेजी से खुलने लगी हैं। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है महाराष्ट्र इस पूरे घोटाले का एक प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। नांदेड, लातूर, नासिक, पुणे के बाद अब नागपुर और चंद्रपुर तक इस पेपर लीक नेटवर्क के तार जुड़े गए है।
नीट पेपर लीक मामले की जांच के सिलसिले में दिल्ली से आई CBI की टीम ने मंगलवार सुबह नागपुर में गणेशपेठ और कोतवाली पुलिस स्टेशन क्षेत्र में रहने वाले 2 छात्रों के घरों पर छापेमारी की। इस दौरान छात्रों और उनके अभिभावकों से भी पूछताछ की गई। इसी प्रकार चंद्रपुर के ब्रह्मपुरी तहसील में भी एक छात्र के घर पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। ये तीनों छात्र लातूर स्थित शिवराज मोटेगांवकर के कोचिंग क्लासेस में पढ़ाई करते थे। 3 मई को देशभर में नीट परीक्षा आयोजित की गई थी। लेकिन उससे करीब 42 घंटे पहले ही कुछ कोचिंग संचालकों के पास पेपर पहुंचने की चौंकाने वाली जानकारी सामने आई, जिसके बाद इस पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई और परीक्षा रद्द कर दी गई। अब तक सीबीआई ने पांच राज्यों में छापेमारी कर कोचिंग संचालकों, एडमिशन कराने वाली एजेंसियों और कथित रूप से पेपर खरीदने वाले छात्रों को हिरासत में लिया है।
नागपुर शहर में मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश दिलाने में भूमिका निभाने वाली कुछ एजेंसियां भी अब सीबीआई के रडार पर हैं। इन एजेंसियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है और जल्द ही बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
बता दें कि नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिलियानगर सहित देश के कई हिस्सों से इस सिंडिकेट से जुड़े लोगों को पकड़ा है।