Navi Mumbai Cyber Crime: फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने नवी मुंबई में एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों से शेयर बाजार में निवेश करने का लालच देकर एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर रहा था। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की वित्तीय खुफिया और साइबर इकाइयों ने 12 मार्च को राबाले एमआईडीसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत महापे के एक औद्योगिक इलाके में छापेमारी की। इस दौरान 22 युवक-युवतियां काम करते हुए पाए गए, जो संभावित पीड़ितों से व्हाट्सएप चैट और फोन कॉल के माध्यम से बातचीत कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान मिले कंप्यूटर से प्राप्त चैट विवरण से पता चला है कि पीड़ितों को कंपनी के माध्यम से शेयर बाजार में अधिक मुनाफे का वादा किया गया था। इसके बाद, ऑपरेटरों ने उन्हें अपने बैंक खातों में पैसे हस्तांतरित करने के लिए कहा था।
पुलिस ने यह भी पाया कि कॉल सेंटर ने कम से कम 1.02 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान शिवम दुबे और सुजीत वारिमिकी के रूप में हुई है, जो ठाणे जिले के निवासी हैं। अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इस मामले में पुलिस ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी जांच की और पाया कि देश भर से साइबर धोखाधड़ी की कम से कम पांच शिकायतें इन खातों से जुड़ी हुई थीं।