सिंहस्थ कुंभ 2027 से पहले साधुग्राम पर संकट? 688 एकड़ जमीन, 470 प्लॉट की योजना; अखाड़ों को सता रही चिंता

Trimbakeshwar Sadhugram Land Acquisition: नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ के लिए साधुग्राम की 688 एकड़ जमीन और 470 प्लॉट की योजना पर सवाल हैं। प्राधिकरण ने आवेदन की अंतिम तारीख 30 नवंबर तय की है।
Nashik Kumbh Mela 2027 Sadhugram Land Acquisition Issue
नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • त्र्यंबकेश्वर में साधुग्राम के लिए 688 एकड़ जमीन का प्रस्ताव तय किया गया है

  • अखाड़ों को समय पर भूमि का कब्जा और प्लॉट सीमाएं मिलने का संशय है

  • शिविरों की आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को लेकर संत समाज में चिंता बनी हुई है

Nashik Kumbh Mela 2027 Sadhugram Land Issue: नासिक/त्र्यंबकेश्वर में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर भले ही तेज किए जाने के दावे किए जा रहे हों, लेकिन त्र्यंबकेश्वर में साधुग्राम के लिए जमीन अधिग्रहण का मामला अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है।

साधु-संतों और अखाड़ों के लिए स्थायी व्यवस्था के बजाय अस्थायी साधुग्राम तैयार करने की योजना के बीच जमीन की उपलब्धता, अधिग्रहण की प्रक्रिया और प्लॉट आवंटन को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।सिंहस्थ कुंभ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देशभर के अखाड़ों, महामंडलेश्वरों, महंतों, नागा संन्यासियों और लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विशाल आयोजन है। ऐसे में साधुग्राम की व्यवस्था में देरी होना केवल प्रशासनिक समस्या नहीं, बल्कि संत समाज की परंपराओं और धार्मिक व्यवस्थाओं से जुड़ा गंभीर विषय है।

साधुग्राम के लिए 688 एकड़ का प्रस्ताव

688 एकड़ का प्रस्ताव, लेकिन जमीन और व्यवस्था को लेकर तस्वीर साफ नहीं प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्र्यंबकेश्वर में साधुग्राम के लिए लगभग 688 एकड़ जमीन और करीब 470 प्लॉट तैयार करने की योजना बताई गई है। इसमें विभिन्न अखाड़ों, धार्मिक संस्थाओं और संत-महात्माओं के शिविरों के लिए स्थान निर्धारित किए जाने की बात सामने आई है लेकिन अखाड़ों की चिंता केवल जमीन के कुल रकबे को लेकर नहीं है। असली सवाल यह है कि उन्हें समय रहते जमीन का कब्जा, प्लॉट की सीमाएं और आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी या नहीं।

समय पर मिल पाएगी जमीन सबसे बड़ा सवाल?

एक अखाड़े के लिए शिविर लगाना कोई सामान्य टेंट या पंडाल लगाने जैसा काम नहीं होता। वहां सैकड़ों साधु-संतों, नागा संन्यासियों, शिष्यों और अनुयायियों के रहने की व्यवस्था करनी पड़ती है। इसके साथ पूजा-पाठ, यज्ञ, धर्मसभा, भंडारा, संतों के प्रवचन और धार्मिक गतिविधियों के लिए पर्याप्त जगह की आवश्यकता होती है। ऐसे में यदि जमीन का आवंटन अंतिम समय तक अटका रहता है तो अखाड़ों के सामने अपने शिविरों की तैयारी करना बड़ी चुनौती बन सकता है।

सुविधाओं के बिना साधुग्राम अधूरा

अखाड़ों को केवल जमीन नहीं चाहिए। उन्हें सड़क, बिजली, पेयजल, शौचालय, स्नानघर, चिकित्सा, सुरक्षा और अग्निशमन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी चाहिए। लाखों लोगों की आवाजाही के बीच इन सुविधाओं का समय पर तैयार होना बेहद जरूरी है।

किसानों और प्रशासन के बीच सहमति

भूमि अधिग्रहण और अस्थायी उपयोग को लेकर किसानों की चिंताएं भी महत्वपूर्ण हैं। नासिक त्रयंबकेश्वर में किसानों को अस्थायी रूप से ली जाने वाली जमीन के भविष्य और मुआवजे को लेकर प्रशासन को आश्वासन देना पड़ा है। इससे स्पष्ट है कि जमीन का मामला केवल प्रशासनिक आदेश से नहीं, बल्कि प्रभावित किसानों की सहमति और विश्वास से भी जुड़ा है।

अखाड़ों को अपनी तैयारियों के लिए कितना समय मिलेगा?

कुंभ में अखाड़ों के शिविरों की अपनी परंपरा, व्यवस्था और प्रतिष्ठा होती है। बड़े अखाड़ों को अपने संतों, महंतों, महामंडलेश्वरों और नागा संन्यासियों के लिए व्यापक प्रबंध करने होते हैं। अंतिम समय में प्लॉट मिलने पर इन व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करना मुश्किल हो सकता है।

Nashik Kumbh Mela 2027 Sadhugram Land Acquisition Issue
मोदी की कुर्सी पर फडणवीस की नजर? पवन खेड़ा ने PM पद से जोड़ दी महाराष्ट्र CM की महत्वाकांक्षा

प्रशासन की ओर से आवेदन प्रक्रिया शुरू

इस बीच नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण ने अखाड़ों, धार्मिक ट्रस्टों, आश्रमों और अन्य पात्र संस्थाओं से साधुग्राम में प्लॉट की आवश्यकता बताने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में अखाड़ों की चिंता को अनदेखा नहीं किया जा सकता। यदि प्रशासन समय रहते भूमि आवंटन, सीमांकन और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति स्पष्ट नहीं करता तो कुंभ के नजदीक आते-आते व्यवस्थागत दबाव बढ़ सकता है।

Nashik Kumbh Mela 2027 Sadhugram Land Acquisition Issue
पहले सुनेत्रा पवार के ऑफिस से फोन, अब पार्थ पवार की विधायकों के साथ अचानक बैठक; NCP में क्या पक रहा है?

कुंभ की आत्मा संत और भव्यता उनका पंडाल

सिंहस्थ कुंभ की भव्यता केवल विशाल बजट, आकर्षक प्रवेश द्वारों और सरकारी प्रचार से तय नहीं होगी। इसकी वास्तविक सफलता इस बात से तय होगी कि देश के कोने-कोने से आने वाले साधु-संतों और अखाड़ों को कितनी सम्मानजनक एवं व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।अखाड़ों को आश्वासन नहीं, जमीन पर दिखाई देने वाली व्यवस्था चाहिए। संत समाज की चिंता को समय रहते समझना और उसका समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। क्योंकि कुंभ की आत्मा साधु-संत हैं और साधु-संतों की व्यवस्था ही साधुग्राम की असली पहचान है।