सिन्नर नगर परिषद की बैठक में 140 विषयों पर चर्चा, एलईडी स्ट्रीट लाइट का प्रस्ताव खारिज

Sinnar Municipal Council Meeting: सिन्नर नगर परिषद की सर्वसाधारण सभा में 140 विषयों पर चर्चा हुई। LED स्ट्रीट लाइट का ठेका प्रस्ताव खारिज कर दिया गया।
sinnar municipal council meeting 140 agendas led light bonus
सिन्नर नगर परिषद बैठक(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • सिन्नर नगर परिषद की सर्वसाधारण सभा में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों सहित कुल 140 विषयों पर चर्चा हुई।

  • BAC Infratech और Vinci Global की संयुक्त कंपनी को LED लाइट एवं CCMS प्रणाली का 10 साल का ठेका देने का प्रस्ताव सदस्यों के विरोध के बाद नामंजूर कर दिया गया।

  • एडवोकेट पंकज जाधव ने किसानों पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए सब्जी बाजार ठेके की राशि मौजूदा स्तर से आधी से भी कम करने की मांग उठाई।

Maharashtra Municipal Council Decisions: सिन्नर नगर परिषद की सर्वसाधारण सभा नगराध्यक्ष विठ्ठलराजे उगले की अध्यक्षता में सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में कुल 140 विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें शहर का विकास, नागरिक सुविधाएं, सार्वजनिक स्थलों का प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट, सब्जी बाजार की वसूली व्यवस्था और कर्मचारियों का दिवाली बोनस प्रमुख रहे।

सब्जी बाजार वसूली आधी करने की मांग

अधिकांश प्रस्ताव सर्वसम्मति से मंजूर किए गए। तीन विषय स्थगित रखे गए, जबकि एलईडी स्ट्रीट लाइट का प्रस्ताव खारिज कर दिया गया।

खुली जगहों के तीन प्रस्ताव स्थगित

विषय क्रमांक 16, 17 और 18 के तहत विभिन्न आरक्षित खुली जगहों को संस्थाओं को खेल मैदान, उद्यान, शैक्षणिक गतिविधियों तथा मंदिर विकास के लिए उपयोग हेतु देने के प्रस्ताव रखे गए थे। विस्तृत विचार-विमर्श के लिए तीनों प्रस्ताव स्थगित कर दिए गए।

एलईडी स्ट्रीट लाइट का प्रस्ताव खारिज

विषय क्रमांक 127 के तहत BAC Infratech Pvt। Ltd. अथवा Vinci Global Pvt। Ltd. (JV) को एलईडी लाइट और सीसीएमएस प्रणाली की आपूर्ति, स्थापना तथा अगले दस वर्षों तक रखरखाव का ठेका देने का प्रस्ताव था। पूर्व में EESL के कामकाज को लेकर नागरिकों की शिकायतों और खराब अनुभवों का हवाला देते हुए सदस्यों ने इसका विरोध किया। अंततः प्रस्ताव सर्वसम्मति से नामंजूर कर दिया गया।

sinnar municipal council meeting 140 agendas led light bonus
पुणे में तेज बारिश से मनपा के सफाई दावों की खुली पोल: कोथरूड, बावधन में जलभराव से ठप हुआ यातायात

सब्जी बाजार की वसूली आधी करने की मांग

विषय क्रमांक 28 पर चर्चा के दौरान एड. पंकज जाधव ने किसानों के आर्थिक हितों की रक्षा के लिए सब्जी बाजार के ठेके की राशि मौजूदा स्तर से आधी से भी कम करने की मांग की। उन्होंने कहा कि 70 से 80 लाख रुपए के ठेके का आर्थिक बोझ अंततः किसानों पर पड़ता है। उन्होंने बाजार में निर्धारित शुल्क की सूची लगाने और उससे अधिक वसूली रोकने के लिए नियमित निगरानी की मांग भी की। इस मांग को कार्यवृत्त में दर्ज करने पर सर्वसम्मति बनी।

कर्मचारियों को मिलेगा 10 हजार रुपए बोनस

शिवसेना गुटनेता मनोज देशमुख ने नगर परिषद कर्मचारियों को दिवाली पर 10 हजार रुपए बोनस देने का प्रस्ताव रखा। एडवोकेट पंकज जाधव ने इसका समर्थन किया। मंत्री एवं विधायक माणिकराव कोकाटे तथा सांसद राजाभाऊ वाजे के मार्गदर्शन में कर्मचारियों के हित में सकारात्मक निर्णय लेने की बात कही गई। कर्मचारियों को 10 हजार रुपए बोनस देने के लिए आवश्यक प्रावधान करने पर सदन ने सर्वसम्मति से सहमति जताई।

sinnar municipal council meeting 140 agendas led light bonus
Diwali Bus Fare: फ्लाइट से भी महंगी हुई बस की टिकट, भोपाल-रीवा का किराया 5000 तो मुंबई-पुणे के लिए 7500 रुपए

140 में से अधिकांश प्रस्ताव मंजूर

बैठक में 140 विषयों पर चर्चा हुई। तीन प्रस्ताव स्थगित किए गए और एलईडी स्ट्रीट लाइट का प्रस्ताव खारिज हुआ। शेष प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। नगराध्यक्ष विठ्ठलराजे उगले की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, किसानों के हितों और कर्मचारियों के कल्याण को प्राथमिकता दी गई।