

Nashik Traffic Diversion Sant Nivruttinath Palkhi Yatra: संत निवृत्तिनाथ महाराज पालकी यात्रा के नासिक शहर से गुजरने के मद्देनजर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। शहर में ग्रेड सेपरेटर निर्माण कार्य जारी होने के कारण इस वर्ष पालकी यात्रा का मार्ग बदला गया है। यातायात पुलिस उपायुक्त चंद्रकांत गवली ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि नई यातायात व्यवस्था 30 जून की सुबह 6:30 बजे से 3 जुलाई की सुबह 11 बजे तक प्रभावी रहेगी।
यात्रा का पहला चरण पिंपलगांव बहुला से समृद्धि टी-पॉइंट, पपाया नर्सरी चौक, महिंद्रा सर्कल होते हुए सातपुर गांव तक रहेगा। दूसरे चरण में पालकी सातपुर से आईटीआई सिग्नल, एबीबी सिग्नल, पंचायत समिति, स्विमिंग पूल, मोदक सिग्नल, सीबीएस, मेहेर सिग्नल, अशोक स्तंभ, रविवार कारंजा, धुमाल पॉइंट, संत गाडगे महाराज पुतला, दामोदर टॉकीज, बादशाही कॉर्नर, दूधबाजार चौक, महात्मा फुले मंडी, काजीपुरा चौकी, विठ्ठल मंदिर, आजाद चौक, शिवाजी चौक और शीतलादेवी मार्ग से होते हुए गणेशवाड़ी आयुर्वेद कॉलेज पहुंचेगी।
तीसरे चरण में यात्रा नानावली रोड, ट्रैक्टर हाउस, घुड़सवार बाबा दरगाह, रवींद्र विद्यालय, बनकर चौक, काठेगली मंदिर सिग्नल, बिटको सिग्नल और मुक्तिधाम मंदिर तक जाएगी। इसके बाद पालकी विपरीत दिशा से बिटको सिग्नल, छत्रपति शिवाजी महाराज पुतला, नासिक रोड मार्ग और सिन्नर फाटा होते हुए पळसे गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, पालकी यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों पर आवश्यकतानुसार यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे यात्रा मार्ग पर अनावश्यक आवागमन से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नासिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध पुलिस वाहनों, एम्बुलेंस, शववाहनों और अग्निशमन विभाग की गाड़ियों पर लागू नहीं होगा। यातायात की स्थिति के अनुसार मार्गों में बदलाव करने, यातायात को मोड़ने अथवा सामान्य करने का अंतिम अधिकार पुलिस प्रशासन के पास सुरक्षित रहेगा। नागरिकों से पुलिस के निर्देशों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की गई है।