Ravindra Erande Nashik Case Update (डिजाइन फोटो)
Ravindra Erande News Update: महाराष्ट्र का नासिक शहर अभी अशोक खरात के काले कारनामों के सदमे से उबरा भी नहीं था कि रविंद्र एरंडे मामले ने पुलिस और जनता को फिर से झकझोर दिया है। सतपुर निवासी तथाकथित पत्रकार रविंद्र एरंडे के कार्यालय पर हुई छापेमारी में पुलिस को ऐसी वस्तुएं मिली हैं, जो न केवल आपराधिक हैं बल्कि गहरे अंधविश्वास की ओर भी इशारा करती हैं। पुलिस ने एरंडे के दफ्तर से सांप की खाल, पक्षियों के कंकाल (अंग), कांच के टुकड़े और कथित तौर पर हाथी दांत जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं बरामद की हैं।
इन बरामदगियों के बाद यह संदेह गहरा गया है कि एरंडे भी अशोक खरात की तरह ही महिलाओं को डराने-धमकाने और उनका शोषण करने के लिए तंत्र-मंत्र या अंधविश्वास का सहारा लेता था। सोमवार को पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद एरंडे को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे 10 अप्रैल 2026 तक दोबारा पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में अब तक सात अलग-अलग महिलाओं के लगभग 120 अश्लील वीडियो बरामद किए गए हैं। आरोपी ने कबूल किया है कि उसने ये वीडियो छुपकर फिल्माए थे। पुलिस का मानना है कि इन वीडियो का इस्तेमाल महिलाओं को ब्लैकमेल करने और उनसे पैसे वसूलने के लिए किया जाता था। जब्त की गई हार्ड डिस्क में डेटा की मात्रा इतनी अधिक है कि फॉरेंसिक टीम को इसकी पूरी पड़ताल करने में अभी और समय लगेगा।
ये भी पढ़ें- ‘कलेक्टर’ की कुर्सी के लिए महिला IAS ने किया था खरात से संपर्क; नासिक में बड़ा खुलासा
सतपुर पुलिस ने एक पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया है, जिसे आरोपी ने उसके बेटे को नौकरी दिलाने का लालच देकर बार-बार प्रताड़ित किया था। पुलिस अदालत को बताया कि एरंडे जांच में सहयोग नहीं कर रहा है और जानकारी छिपाकर समय बर्बाद करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस अब इस बात की तह तक जाना चाहती है कि आरोपी के पास वन्यजीवों के अंग (सांप की खाल, हाथी दांत आदि) कहाँ से आए और इनका वास्तविक उद्देश्य क्या था।
नासिक में अब रविंद्र एरंडे को ‘अशोक खरात पार्ट-2’ कहा जा रहा है। जिस तरह खरात ने सैकड़ों महिलाओं का शोषण किया और हाई-प्रोफाइल लोगों को ठगा, ठीक उसी पैटर्न पर एरंडे की गतिविधियां भी सामने आ रही हैं। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत भी उस पर अतिरिक्त मामले दर्ज होने की संभावना है। पुलिस अब उन कड़ियों को जोड़ रही है जिससे यह साफ हो सके कि क्या एरंडे के पीछे भी कोई बड़ा राजनीतिक या प्रशासनिक हाथ है, जैसा कि खरात के मामले में देखा गया था।