नासिक में NEET Re-Exam को लेकर हाई अलर्ट जारी, केंद्रों पर जैमर और CCTV से होगी निगरानी, इतने हजार छात्र होंगे

NEET Re Exam In Nashik: पेपर लीक के बाद नीट 2026 की पुनर्परीक्षा आज नासिक के 21 केंद्रों पर होगी। 11,180 छात्र शामिल होंगे। कड़ी सुरक्षा, जैमर, CCTV और फेस वेरिफिकेशन की व्यवस्था की गई है।
NEET Re Exam In Nashik Police Security Arrangements At Centres
NEET Re-Exam में सुरक्षा के कड़े इंतजाम (सोर्स: AI)
Updated on

NEET Re Exam In Nashik Police Security Arrangements: पेपर लीक मामले के बाद रद्द की गई नीट 2026 की पुनरीक्षा आज रविवार 21 जून को आयोजित की जा रही है। जिले के कुल 21 केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक यह परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा को पूरी तरह सुचारू और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। नासिक जिले के शहरी क्षेत्र में 17, ओझर में 1 और मालेगांव में 3 सहित कुल 21 उपकेंद्रों पर 11,180 छात्र परीक्षा देंगे।

गौरतलब है कि मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट यूजी परीक्षा अनिवार्य है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 3 मई को देश भर में यह परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन 12 मई को एनटीए ने पेपर लीक होने की बात स्वीकार करते हुए परीक्षा रद्द कर दी थी। इससे देश भर के लाखों छात्रों और अभिभावकों को बड़ा झटका लगा था। अब रविवार को जिले के छात्र दोबारा इस परीक्षा का सामना करेंगे, जिसके लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बीच, परीक्षा के प्रश्नपत्र हवाई मार्ग से नासिक पहुंच चुके हैं। पेपर लीक की किसी भी गुंजाइश को खत्म करने के लिए प्रश्नपत्रों की सुरक्षा में दोहरी व्यवस्था की गई है।

आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय पुलिस बल को और बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस को सौंपी गई है। यह सुरक्षा व्यवस्था उत्तर पुस्तिकाओं के निर्धारित स्थान पर सुरक्षित पहुंचने तक जारी रहेगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इस परिधि में अनधिकृत व्यक्तियों और वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

ज़ेरॉक्स और साइबर कैफे भी रहेंगे बंद

नीट परीक्षा के दिन केंद्रों के आसपास के सभी ज़ेरॉक्स सेंटर, साइबर कैफे और संचार माध्यमों से जुड़ी दुकानें बंद रखी जाएंगी। साथ ही परीक्षा परिसर में डिजिटल डायरी, माइक्रोफोन, मोबाइल, कैलकुलेटर, वायरलेस सेट जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और किसी भी प्रकार के घातक हथियार ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।

कमरों में लगे जैमर

नासिक पुलिस ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ परीक्षा हॉल में जैमर लगाए हैं, ताकि किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक संचार को रोका जा सके। पूरी परीक्षा प्रक्रिया के दौरान CCTV कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। छात्रों को केंद्र के भीतर प्रवेश देने से पहले फेस आईडी वेरिफिकेशन और मेटल डिटेक्टर के जरिए गहन जांच से गुजरना होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com