अमरावती की जेल में नशे की एंट्री, ऑन ड्यूटी सिपाही के पास से मिला गांजा, क्या इनका कोई बड़ा रैकेट है?

Jail Ganja Smuggling In Amravati: अमरावती मध्यवर्ती जेल में ड्यूटी पर तैनात जेल सिपाही उदय झपाटे के पास से 7 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने 35,100 रुपये का माल जब्त कर मामले की जांच शुरू की है।
Security Guard On Duty Jail Ganja Smuggling In Amravati Arrested
अमरावती जेल (सोर्स: फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Security Guard On Duty Jail Ganja Smuggling: अमरावती मध्यवर्ती कारागार से एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जेल की सुरक्षा और अनुशासन की जिम्मेदारी संभालने वाले एक जेल सिपाही को ही गांजे के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया है। कारागार प्रशासन की सतर्कता के चलते आरोपी सिपाही के पास से 7 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस घटना के बाद जेल अधीक्षक के निर्देश पर फ्रेजरपुरा थाने में मामला दर्ज किया है।

कई दिनों से थी शक के दायरे में हरकतें

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी जेल सिपाही का नाम उदय अशोक झपाटे (42) है। उदय झपाटे को करीब एक साल पहले साल 2025 में अनुकंपा के आधार पर जेल विभाग में नौकरी मिली थी। पिछले कुछ दिनों से जेल प्रशासन को उदय की संदिग्ध हरकतों पर गहरा शक था, जिसके कारण वरिष्ठ अधिकारियों की उस पर पैनी नजर थी।

नाइट ड्यूटी के दौरान तलाशी में खुला राज

18 जून की शाम जब उदय झपाटे हमेशा की तरह अपनी ड्यूटी पर हाजिर हुआ, तो उसे रात की गश्त के लिए कारागार के मुख्य सुरक्षा टावर की ओर भेजा गया। वह जैसे ही टावर की तरफ बढ़ने लगा, पहले से मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने उसे रास्ते में ही रोक लिया। जब कानून के मुताबिक उसकी सघन तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से 7 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे देखकर सभी दंग रह गए।

35,000 से अधिक का माल बरामद

जेल अधीक्षक कीर्ति चिंतामणि डहाले के आदेश पर जेल सिपाही योगेश जानोरकर ने इस मामले की आधिकारिक शिकायत फ्रेजरपुरा थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी उदय झपाटे के पास से नशीला पदार्थ (गांजा) और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल सहित कुल 35 हजार 100 रुपये का माल जब्त किया। फ्रेजरपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

अमरावती पुलिस अब आरोपी सिपाही यह गांजा जेल के भीतर किस खूंखार कैदी को सप्लाई करने के इरादे से लाया था, या फिर इसके पीछे कोई बड़ा रैकेट काम कर रहा है, इसकी जांच कर रही है। इस कार्रवाई से जेल महकमे में हड़कंप मच गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com