

Nashik SIR Campaign: महाराष्ट्र में इस समय मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य फर्जी, मृतक, अन्य देशों के अवैध घुसपैठियों और कुछ हद तक बांग्लादेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाना तथा वास्तविक मतदाताओं के नाम बनाए रखना है।
भाजपा नासिक महानगर जिला अध्यक्ष सुनील केदार ने अपील की है कि एसआईआर देश में होने वाली एक नियमित प्रक्रिया है, जो पहले भी कांग्रेस के शासनकाल में होती रही है। उस समय किसी ने कोई संदेह व्यक्त नहीं किया था। अब जब बोगस नाम हटाए जा रहे हैं, तो विपक्ष को बेवजह भ्रम का माहौल पैदा नहीं करना चाहिए।
सुनील केदार ने कहा कि अभियान शुरू करने से पहले चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों को हर बूथ पर बीएलए-2 तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बीएलए-1 नियुक्त करने के निर्देश दिए थे।
भाजपा ने अपने सभी 1047 बूथों पर बीएलए-2 की नियुक्ति कर दी है और सरकारी बीएलओ के साथ मिलकर काम जारी है। ऐसे में अपने राजनीतिक प्रतिनिधि नियुक्त न करने वाले विपक्षी दलों का झूठे आरोप लगाना अनुचित है।
उन्होंने बताया कि राज्य में एसआईआर अभियान अब अंतिम चरण में है। चुनाव आयोग के अनुसार, जिन्हें नया नाम दर्ज कराना है वे फॉर्म नंबर 6, मतदाता सूची के नाम पर आपत्ति हेतु फॉर्म नंबर 7 तथा नाम, पता या मोबाइल नंबर में संशोधन के लिए फॉर्म नंबर 8 भरकर इस अभियान में सहयोग करें। केदार ने विपक्ष से आत्मनिरीक्षण करने और चुनाव आयोग जैसी स्वायत्त संस्था पर बेवजह सवाल न उठाने का आग्रह किया है।