

Nashik Singhasth Kumbh Health Facilities: सिंहस्थ महाकुंभ में नासिक और त्र्यंबकेश्वर में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए चिकित्सा सेवाएं केवल अस्पतालों तक सीमित न रखकर भीड़ वाले स्थानों पर उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। साधुग्राम, पार्किंग, घाट, होल्डिंग व स्टेजिंग एरिया तथा प्रमुख मार्गों के आसपास कुल 136 अस्थायी स्वास्थ्य सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। पर्वणी के दौरान 190 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। विस्तारित स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए 3600 अतिरिक्त चिकित्सा और पैरामेडिकल कर्मी उपलब्ध कराए जाएंगे।
सिंहस्थ की स्वास्थ्य तैयारियों के लिए मनपा स्वास्थ्य विभाग, जिला अस्पताल, जिला परिषद स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्रीय संदर्भ अस्पताल के 260 करोड़ रुपए के स्वास्थ्य आराखड़ों को मंगलवार को नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण के माध्यम से प्रशासनिक मंजूरी दी गई। इनमें अस्थायी अस्पताल व दवाखाने, एंबुलेंस, अतिरिक्त मनुष्यबल, आईसीयू क्षमता, दवाइयां, चिकित्सा उपकरण, रोग नियंत्रण और डिजिटल स्वास्थ्य निगरानी शामिल हैं।
कुंभ मेला प्राधिकरण के आयुक्त शेखर सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं को उनके नजदीक चिकित्सा सुविधा मिले, जरूरत पड़ने पर मरीजों को कम से कम समय में आगे के उपचार के लिए पहुंचाया जा सके और बढ़ी मरीज संख्या संभालने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था सक्षम रहे, इसके लिए विभिन्न विभागों की क्षमताओं का संयुक्त नियोजन किया गया है।
सिंहस्थ के दौरान विभिन्न स्थानों पर 136 अस्थायी स्वास्थ्य सुविधाएं बनाई जाएंगी। इनमें अस्थायी अस्पताल, आईसीयू और दवाखाने शामिल होंगे। साधुग्राम, पार्किंग क्षेत्र, घाट, होल्डिंग व स्टेजिंग एरिया, बाहरी पार्किंग तथा प्रमुख मार्गों के आसपास पोर्टा-कैबिन के रूप में ये सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इससे मामूली बीमारी, चोट या प्राथमिक उपचार की आवश्यकता वाले श्रद्धालुओं को मुख्य अस्पताल जाने की जरूरत कम होगी।
श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अगले उपचार केंद्र तक पहुंचाने के लिए 190 एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। इनमें एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट और बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस शामिल होंगी। अस्पतालों, अस्थायी स्वास्थ्य केंद्रों घाट, साधुग्राम, पार्किंग, होल्डिंग व स्टेजिंग एरिया तथा प्रमुख मार्गों पर इन्हें तैनात किया जाएगा। इनमें खरीदी और किराये पर ली गई एंबुलेंस शामिल होंगी। खरीदी गई एंबुलेंस का सिंहस्थ के बाद भी सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में उपयोग किया जाएगा।
विभिन्न स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के आराखड़ों के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी, एमबीबीएस व बीएएमएस डॉक्टर, नर्स, एएनएम, फार्मासिस्ट, चिकित्सा तकनीशियन और अन्य सहायक कर्मचारियों सहित 3,600 अतिरिक्त कर्मियों की व्यवस्था की जाएगी। इन्हें मरीज प्रबंधन, आपातकालीन चिकित्सा सेवा और समन्वय का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मौजूदा 1305 बेड में 640 बेड और जोड़े जाएंगे। सिंहस्थ के दौरान कुल 1945 बेड उपलब्ध होंगे, जिनमें 185 आईसीयू बेड शामिल हैं। हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे अस्पताल, डॉ. जाकिर हुसैन अस्पताल, इंदिरा गांधी अस्पताल और आरोग्यशाला अस्पताल में 73 अतिरिक्त आईसीयू बेड उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे इन चार अस्पतालों की आईसीयू क्षमता 17 से बढ़कर 90 तथा कुल बेड क्षमता 350 से बढ़कर 550 होगी। अतिरिक्त कुंभ मेला आयुक्त प्रमोद पवार और संबंधित अधिकारी मनुष्यबल के नियोजन तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के समन्वय पर काम कर रहे हैं।
सिंहस्थ के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में दर्ज होने वाली बीमारियों की जानकारी डिजिटल रूप से संकलित कर रोगवार निगरानी की जाएगी। जीपीएस आधारित एंबुलेंस ट्रैकिंग, स्वास्थ्य केंद्रों में डिजिटल पंजीकरण और आपातकालीन संपर्क व्यवस्था भी योजना में शामिल है।
जरूरत के अनुसार भीड़ वाले स्थानों पर तत्काल चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए तीन पोर्टेबल आपातकालीन मेडिकल यूनिट तैनात की जाएंगी। आवश्यकता के अनुसार इन्हें विभिन्न स्थानों पर भेजकर वहीं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।