सिंहस्थ 2027: कुंभ मेले के लिए परिवहन महायोजना, 4,500 बसें तैनात, बस स्टैंड होंगे कंक्रीट

Nashik transport plan: सिंहस्थ कुंभ 2027 के लिए एसटी महामंडल 4,500 बसें तैनात करेगा। त्र्यंबकेश्वर सहित प्रमुख बस स्टैंडों का नवीनीकरण होगा और अनुभवी सेवानिवृत्त कर्मियों को मानदेय पर जोड़ा जाएगा।
Simhastha 2027: Transportation master plan for the Kumbh Mela, 4,500 buses to be deployed, bus stands will be made of concrete.
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Nashik Kumbh Infrastructure: नासिक सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 के तहत प्रस्तावित बुनियादी ढांचा कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। त्र्यंबकेश्वर, जव्हार फाटा, निमाणी, वणी और नासिक महामार्ग स्थित बस स्टैंडों के नवीनीकरण एवं कंक्रीटीकरण के साथ-साथ 4,500 बसों की तैनाती की योजना होने की जानकारी महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) महामंडल ने दी।

इस बीच, कुंभ मेले के लिए सेवानिवृत्त एवं अनुभवी कर्मचारियों को मानदेय के आधार पर नियुक्त करने को लेकर भी चर्चा की गई। आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले की पृष्ठभूमि में श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परिवहन योजना की समीक्षा हेतु नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण की ओर से स्मार्ट सिटी मिशन कार्यालय में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

यह बैठक कुंभ मेला प्राधिकरण आयुक्त शेखर सिंह की अध्यक्षता में हुई। सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 के अंतर्गत प्रस्तावित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई, त्र्यंबकेश्वर, जव्हार फाटा, निमाणी, वणी और नासिक महामार्ग स्थित एसटी बस स्टैंडों के नवीनीकरण एवं कंक्रीटीकरण पर चर्चा हुई।

इन कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है और शीघ्र ही कार्यदिश जारी किए जाएंगे। सप्तश्रृंगगढ़ में भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के कारण संभावित देरी को टालने के लिए शर्तों के साथ निविदा जारी करने की संभावना पर भी विचार किया गया। प्रत्येक विभाग में अलग सिंहस्थ कुंभ मेला कक्ष स्थापित करने की भी समीक्षा की गई।

संबंधित विभागों को स्थानीय स्तर पर तुरंत कुंभमेला कक्ष कार्यान्वित करने, कुंभ मेला प्राधिकरण के निर्देशों का पालन करने तथा अपने-अपने विभागीय कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। पूर्व में कुंभ मेला कार्य में शामिल रहे सेवानिवृत्त एसटी कर्मचारियों को मानदेय पद्धति से शामिल करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई।

6 माह पहले होगी कर्मचारियों की नियुक्ति

बाहरी पार्किंग स्थलों तथा कसबे सुकेणे, ओढा, खेरवाड़ी, नासिक रोड, देवलाली कैप और इगतपुरी रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख स्थानों से त्र्यंबकेश्वर एवं आतरिक पार्किंग तक श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था की जाएगी। बस स्थान, मार्ग नियोजन और सामग्री आपूर्ति प्रबंधन का सूक्ष्म नियोजन एसटी महामंडल के केंद्रीय स्तर पर किए जाने का निर्णय लिया गया।

मानव संसाधन योजना पर चर्चा करते हुए यह तय किया गया कि महामंडल के यांत्रिक एवं प्रशासनिक पर्यवेक्षण अधिकारियों की नियुक्ति कुंभ मेले से छह महीने पहले, जनवरी 2027 से की जाएगी, स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों और कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए प्रशिक्षण और भूमिका निर्धारण पहले ही कर लिया जाएगा। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि स्थानांतरण की स्थिति में भी नियुक्तियों की निरंतरत्ता बनाए रखी जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com