राहुल धोत्रे हत्याकांड के आरोपी पूर्व BJP नगरसेवक ने किया सरेंडर, 20 दिन से था फरार

Uddhav Nimse surrender: नासिक के राहुल धोत्रे हत्याकांड में BJP के पूर्व नगरसेवक उद्धव निमसे ने 20 दिन फरार रहने के बाद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। कोर्ट में पेशी आज होगी।
Uddhav Nimse surrender
पूर्व BJP नगरसेवक उद्धव निमसे
Published on: 
Updated on: 

Nashik News: नाशिक के चर्चित राहुल धोत्रे हत्याकांड प्रकरण में बड़ा अपडेट सामने आया है। भाजपा के पूर्व नगरसेवक उद्धव निमसे ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। इस मामले में निमसे और उनके समर्थकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

घटना 22 अगस्त की है, जब बैलपोला उत्सव के दिन नाशिक के जनार्दननगर दिंडमेला परिसर में गाड़ी के मामूली कट को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान धोत्रे गुट और निमसे गुट के बीच भिड़ंत हुई। संघर्ष में राहुल धोत्रे और अजय कुसालकर गंभीर रूप से घायल हुए थे। दोनों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान 7–8 दिनों बाद राहुल धोत्रे की मौत हो गई।

हत्या का मामला दर्ज

इस घटना के बाद आडगाव पुलिस ने निमसे और उसके साथियों पर हत्या का मामला दर्ज किया। शुरुआती दौर में जिला न्यायालय ने उन्हें जमानत दी थी, लेकिन हत्या का आरोप जुड़ने के बाद जिला न्यायालय और उच्च न्यायालय, दोनों ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद से वे 20 दिनों से फरार थे। पुलिस की तलाश और नागरिकों के दबाव के बीच अचानक उद्धव निमसे ने पुलिस के सामने सरेंडर किया। उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस अपनी दलीलें रखेगी।

इससे पहले नागरिकों और राजनीतिक पक्षों ने निमसे की गिरफ्तारी की जोरदार मांग की थी। मनसे और ठाकरे गुट ने भी नाशिक में मोर्चा निकालते हुए पुलिस पर दबाव बनाया था। इस दौरान पुलिस ने इस मामूले में 2 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com