नासिक में डीजे दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, दमकल ने समय पर पाया काबू; लाखों का नुकसान

Nashik Short Circuit Cause: नासिक के पाथर्डी क्षेत्र में डीजे दुकान में भीषण आग लगी। शॉर्ट सर्किट से हुई आग में 30-40 लाख का नुकसान, दमकल ने समय पर काबू पाया।
Massive Fire Breaks Out at DJ Shop in Nashik Due to Short Circuit; Firefighters Bring It Under Control in Time, Causing Losses Worth Lakhs.
नासिक डीजे दुकान हादसा( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Nashik Fire Incident: नासिक पाथर्डी शिवार के ज्ञानेश्वर नगर इलाके में एक डीजे सिस्टम की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। यह आग ज्योति पाटील और गोकुल यशवंत पाटील के स्वामित्व वाली दुकान व गोदाम में लगी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नगरसेवक बालकृष्ण शिरसाट ने अग्निशमन विभाग को सूचित किया। नासिक मनपा के सिडको अग्निशमन दल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

केंद्र प्रमुख हर्षल पटेल के मार्गदर्शन में के. के. पवार, प्रमोद लहामगे, सुनील कुगे, यश वजरे और सुमित काठे ने कड़ी मेहनत कर आग पर काबू पाया। सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। दुकान मालिक गोकुल पाटील ने बताया कि सुबह बिजली जाने के बाद जब दोबारा आई, तो मेन बोर्ड से स्पार्क हुआ, जिसके बाद साउंड सिस्टम, वायर केबल्स और अन्य महंगे सामान में आग लग गई। इस आग में लगभग 30 से 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

आव्हाड पेट्रोल पंप के कर्मियों ने आग बुझाने में की मदद

इस बीच नगरसेवक बालकृष्ण शिरसाट ने प्रभाग क्रमांक 31 में बिजली वितरण की खराब व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार होने वाले वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के कारण यह घटना हुई है।

उन्होंने बिजली वितरण कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने और पीडित परिवार को मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की है। दो दिन पहले ही पाथर्डी फाटा क्षेत्र में विद्युत केबल के कारण आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ था।

इसके बाद दोबारा ऐसी घटना होने से स्थानीय नागरिको में आक्रोश है। गोदाम के पास स्थित आव्हाड पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने आग बुझाने में मदद की।

राजेश डोंगरे, कैलास खाडे, मंगेश नागरे और उत्तम उघडे ने पंप से सीओ 2 सिलेंडर घटनास्थल पर पहुंचाया, पेट्रोल पंप की महिला कर्मचारी अनिता पिंगले और अन्नपूर्णा मोरे को आग बुझाने का प्रशिक्षण प्राप्त था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com