

Nashik MVIPR Hostel: मराठा विद्या प्रसारक (मविप्र) समाज के गंगापुर रोड स्थित उदोजी मराठा बोर्डिंग परिसर में नवनिर्मित कर्मवीर एड. बाबूराव गणपतराव ठाकरे इंजीनियरिंग कॉलेज के 13 मंजिला भव्य छात्रवास (बॉयज हॉस्टल) का उद्घाटन आज दोपहर 2:30 बजे उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाथों संपन्न होगा। यह जानकारी संस्था के महासचिव एड. नितिन ठाकरे ने दी।
इस अवसर पर मविप्र के सभापति बालासाहेब क्षीरसागर, उपाध्यक्ष विश्वासराव मोरे और संदीप गुलवे भी उपस्थित रहे। स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में मंत्री छगन भुजबल, पालकमंत्री गिरीश महाजन, अन्न एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरी झिरवाल सहित क्षेत्र के कई सांसद, विधायक और महापौर उपस्थित रहेंगे।
8 जनवरी 2024 को तत्कालीन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल के हाथों भूमिपूजन के बाद इस भव्य इमारत का निर्माण मात्र 2 वर्षों में पूरा कर लिया गया है। लगभग 7400 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली इस इमारत के निर्माण पर 31 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत आई है। इसमें 143 कमरों के साथ 600 से अधिक छात्रों के रहने की व्यवस्था की गई है।
1914 में केवल पांच छात्रों के साथ शुरू हुए मविप्र समाज की 112 वर्षों की यात्रा में ग्रामीण, आदिवासी, किसान और वंचित वर्ग के हजारों छात्र नासिक में शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। उन्हें किफायती दरों पर बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस छात्रावास का निर्माण किया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1920 में राजर्षी शाहू महाराज ने 15 हजार रुपए का दान देकर इस संस्था को संबल दिया था।
छात्रावास में छात्रों की सुविधा के लिए प्रत्येक कमरे में संलग्न शौचालय व स्नानघर, सीसीटीवी सुरक्षा, भूतल पर मेस (भोजन कक्ष), गर्म पानी, आरओ फिल्टर पानी, लिफ्ट, लॉन्ड्री, जिमखाना और छत (टेरेस) जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की गई हैं।