नासिक मनपा का ऐक्शन; स्वच्छता और मरम्मत अभियान उल्लंघनकर्ताओं से Monsoon Task Force ने वसूला ₹49,180 जुर्माना

Monsoon Task Force Action: नासिक मनपा की मानसून टास्क फोर्स ने शहरभर में स्वच्छता, ड्रेनेज मरम्मत और अतिक्रमण पर कार्रवाई की। नियम तोड़ने वालों से ₹49,180 का जुर्माना वसूला गया।
Nashik Municipal Monsoon Task Force Action Fine Drive
मानसून टास्क फोर्स का जुर्माना कार्रवाई (फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Monsoon Task Force Action Fine Drive: नासिक मनपा प्रशासन ने मानसून के दौरान उत्पन्न होने वाली नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयुक्त मनीषा खत्री के नेतृत्व में 'मान्सून टास्क फोर्स' मुहिम के तहत शनिवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक कार्रवाई की। इस विशेष अभियान के तहत स्वच्छता, ड्रेनेज मरम्मत और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई।

नगर निगम प्रशासन ने इस मुहिम के दौरान विभिन्न मामलों में कुल 49,180 का जुर्माना वसूल किया है। इस धडक कार्रवाई और चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण महापौर हिमगौरी आहेर-आडके, उपमहापौर विलास शिंदे, स्थायी समिति के सभापती मच्छिंद्र सानप, आयुक्त मनीषा खत्री, अतिरिक्त आयुक्त अमित रंजन व प्रदीप चौधरी सहित विभागीय अधिकारियों ने प्रभाग क्रमांक 7 और 24 में प्रत्यक्ष उपस्थित रहकर किया।

निर्माण सामग्री और कचरा फैलाने वालों पर लगा भारी जुर्माना

प्रभाग क्रमांक 24 के पखाल रोड क्षेत्र में 'मान्सून टास्क फोर्स' ने बरसाती जलवाहिनियों (स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज) की सफाई, विभिन्न विभागों की खुदाई के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत, उद्यानों से गीले कचरे के निस्तारण और जलापूर्ति लाइनों के लीकेज को ठीक करने का काम किया। इसके साथ ही पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ चालान काटे गए।

मुहिम के दौरान एक बिल्डर द्वारा स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज में कंक्रीट डालने का मामला सामने आने पर उस पर 20 हजार का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा, बिना अनुमति तीन टन मलबे फेंकने के मामले में 24 हजार, सार्वजनिक सड़क के किनारे निर्माण सामग्री रखने पर 5 हजार और सड़क पर कचरा फेंकने पर 180 का दंड वसूला गया।

विभिन्न प्रभागों में ड्रेनेज और चेंबर मरम्मत का काम तेज

इसी तरह प्रभाग क्रमांक 17 के जेलरोड क्षेत्र में जलाराम किराणा दुकान के पास चेंबर की पाइपलाइन लीकेज को सुधारा गया। विश्वेश्वर महादेव मंदिर के सामने शिवकृपा नगर में चोकअप की समस्या दूर की गई। प्रभाग क्रमांक 15 में यूनिटी टावर्स क्षेत्र के एक बिल्डर पर सड़क पर सामग्री डालने और चेंबर के पास गंदगी फैलाने पर दंडात्मक कार्रवाई की गई। वहीं गोविंद नगर क्षेत्र में बरसाती चेंबर के छिद्रों को साफ किया गया और प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग के इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई की गई।

नासिक मनपा की आयुक्त मनीषा खत्री ने कहा कि मानसून के दौरान शहर की नागरिक सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए मान्सून टास्क फोर्स का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नासिकवासियों से अपील की है कि वे इस मुहिम में प्रशासन का सहयोग करें और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आगे आएं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com