मालेगांव में 4 साल की बच्ची से दरिंदगी और हत्या पर उबाल, आरोपी को फांसी की मांग तेज

Nashik Crime News: नासिक के मालेगांव में 4 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म व हत्या पर विरोध प्रदर्शन हुआ। आरोपी को फांसी की देने की मांग तेज। मंत्री झिरवल ने दो महीने में सजा दिलाने का आश्वासन दिया।
nasik-malgaon-child-Physical-Abuse-murder-protest-fast-track-death-penalty-demand
नासिक में विरोध प्रदर्शन करते लोग (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Nashik Malegaon Child Murder Case Protest: महाराष्ट्र के नासिक जिले में 4 साल की बच्ची के साथ हुए क्रूर बलात्कार और हत्या के मामले में मालेगांव में भारी गुस्सा है। शुक्रवार को हजारों लोगों ने शहर बंद के दौरान प्रदर्शन किया। इस बीच, मंत्री नरहरि झिरवल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और त्वरित न्याय का वादा किया।

नासिक जिले के मालेगांव की अदालत के बाहर शुक्रवार को चार साल की बच्ची के साथ कथित बलात्कार और हत्या के मामले में भारी विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तार व्यक्ति के लिए मौत की सजा की मांग की। इस क्रूर अपराध से इलाके में लोगों के बीच बहुत गुस्सा है, और नागरिकों तथा स्थानीय संगठनों ने मामले की जल्द जांच और अपराधी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।

प्रदर्शनकारियों ने निकाला पैदल मार्च

विरोध के चलते मालेगांव शहर को बंद रखा गया था और हजारों लोगों ने पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी न्याय की मांग कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान, कुछ प्रदर्शनकारियों ने अदालत परिसर में घुसने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर को डोंगराले गांव में नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार किया गया और फिर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी गई, जिसके बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। आरोपी फिलहाल 27 नवंबर तक पुलिस हिरासत में है।

मंत्री का आश्वासन: फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई

इस बीच, राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि झिरवल ने शुक्रवार को मालेगांव तालुका के एक गांव में पीड़ित लड़की के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मराठा कार्यकर्ता मनोज जरांगे भी उनके साथ थे। मंत्री झिरवल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आरोपी को इस जुर्म के लिए कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाएगी। उन्होंने इसे एक जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि मैं यह मामला कैबिनेट में उठाऊंगा।

मंत्री ने आश्वासन दिया कि आरोपी के खिलाफ फास्ट-ट्रैक अदालत में मामला चलाया जाएगा। झिरवल ने कहा कि दो महीने के अंदर आरोपी को मौत की सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी। न्याय सुनिश्चित करने के लिए, मंत्री ने कहा कि वह सरकार से वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को इस संवेदनशील मामले में लोक अभियोजक (पब्लिक प्रॉसिक्यूटर) नियुक्त करने का आग्रह करेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com