

Chhatrapati Sambhajinagar Buses Launch Postponed: शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की मनपा की तैयारी को झटका लगा है। मनपा के बेड़े में शामिल हुई 61 वातानुकूलित शहर बसों का लोकार्पण फिलहाल टाल दिया गया है।
मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों बसों का लोकार्पण कराने की तैयारी थी, लेकिन मुख्यमंत्री से समय नहीं मिलने के कारण मनपा का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। अब मुख्यमंत्री से नई तारीख मिलने के बाद लोकार्पण किया जाएगा।
शहर के बढ़ते विस्तार और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। स्मार्ट सिटी अभियान के तहत पहले 100 बसें खरीदी गई थीं। इसके बाद हैदराबाद की ओलेक्ट्रा कंपनी से किराये पर 35 वातानुकूलित बसें लेने का निर्णय लिया गया। इनमें से एक बस पहले ही मिल चुकी थी, जबकि शेष 34 बसें अब मनपा को प्राप्त हो गई हैं।
मनपा को प्राप्त हुईं 34 वातानुकूलित बसें यात्री सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इन बसों को शहर के निर्धारित और व्यस्त मार्गों पर चलाने की तैयारी की गई है। फिलहाल लोकार्पण कार्यक्रम की नई तारीख तय होने का इंतजार है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से नई तारीख मिलने के बाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। लोकार्पण के तुरंत बाद इन बसों को चरणबद्ध तरीके से सड़कों पर उतारा जा सकता है, जिससे यात्रियों को बेहतर और आरामदायक सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पीएमई बस योजना के तहत शहर के लिए 100 वातानुकूलित बसें स्वीकृत हैं। इनमें से अब तक 27 बसें प्राप्त हुई हैं। हालांकि इन बसों में कुछ तकनीकी काम अभी बाकी हैं। इन कार्यों को पूरा होने में करीब एक से डेढ़ महीने का समय लग सकता है। इसलिए इन बसों को तत्काल यात्री सेवा में शामिल करना संभव नहीं होगा।
मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने बताया कि मुख्यमंत्री के हाथों बसों का लोकार्पण कराने के लिए मनपा ने पूरी तैयारी की थी। अब मुख्यमंत्री से नई तारीख ली जाएगी और उसके अनुसार जल्द ही लोकार्पण कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।