नासिक में गणपति विसर्जन के लिए कड़ा बंदोबस्त, 48 घंटे सुरक्षा में जुटेगा पुलिस बल, ड्रोन-CCTV से होगी निगरानी

Nashik Ganesh Visarjan: नासिक में अनंत चतुर्दशी पर गणेश विसर्जन के लिए 4 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। 77 विसर्जन स्थलों पर व्यवस्था के साथ डीजे, लेजर और गुलाल पर पाबंदी है।
Nashik Ganesh Visarjan 4000 Police
पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक के दौरान(फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

4000 Police 77 Immersion Visarjan Sites Security: रौनक और उत्साह से भरे गणेशोत्सव के बाद नासिक नगरी शुक्रवार को गणपति बाप्पा को विदाई देने के लिए तैयार है। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार सुबह 11 बजे से शहर की मुख्य विसर्जन शोभायात्रा शुरू होगी।

कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक के मार्गदर्शन में शहर और जिले में कड़ा पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है। शुक्रवार सुबह से शुरू होने वाली सुरक्षा व्यवस्था शनिवार तड़के तक जारी रहेगी। इसके बाद रविवार को 'जुलूस-ए-गौसिया' के मद्देनजर पुराने नासिक सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।

दोनों बड़े आयोजनों को देखते हुए पुलिस बल करीब 48 घंटे तक लगातार सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा। प्रशासन ने विसर्जन शोभायात्रा में डीजे की तेज आवाज, आंखों को नुकसान पहुंचाने वाली लेजर लाइट और गुलाल उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया है।

विसर्जन के लिए 77 स्थल तय

गणेश विसर्जन को लेकर मनपा ने शहर में कुल 77 विसर्जन स्थल निर्धारित किए हैं। इनमें 40 कृत्रिम विसर्जन कुंड, 19 प्राकृतिक जलस्रोत तथा 18 स्थानों पर कृत्रिम और प्राकृतिक दोनों तरह की व्यवस्था की गई है। मनपा ने सभी प्रमुख क्षेत्रों में विसर्जन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक नियोजन किया है, ताकि श्रद्धालुओं को प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

नागरिकों से सुरक्षित और पर्यावरणपूरक तरीके से विसर्जन के लिए निर्धारित स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की गई है। विशेष रूप से गोदावरी नदी सहित अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों में प्रतिमा और निर्माल्य डालने से बचने का आग्रह किया गया है।

शहर और ग्रामीण क्षेत्र में भारी बंदोबस्त

ग्रामीण पुलिस बल में 1 पुलिस अधीक्षक, 2 अपर पुलिस अधीक्षक, 8 उपअधीक्षक, 80 निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक और करीब 2,000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 1,200 होमगार्ड, 5 से 6 दंगा नियंत्रण दस्ते और 3 एसआरपीएफ टुकड़ियां तैनात की गई हैं।

शहर पुलिस आयुक्तालय की ओर से 4 उपायुक्त, 7 सहायक आयुक्त, 40 निरीक्षक, 130 सहायक एवं उपनिरीक्षक तथा 37 परिवीक्षाधीन उपनिरीक्षक सहित करीब 2,500 पुलिसकर्मी तीन शिफ्ट में तैनात रहेंगे।

1,300 होमगार्ड के साथ रेलवे पुलिस, मोबाइल-1 दस्ता, दंगा नियंत्रण दस्ता, एसआरपीएफ, क्विक रिस्पॉन्स टीम और क्राइम ब्रांच की विशेष टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रहेंगी।

Nashik Ganesh Visarjan 4000 Police
गणपति विसर्जन के लिए छत्रपति संभाजीनगर तैयार, कृत्रिम तालाबों से लेकर मूर्ति दान केंद्र तक इंतजाम

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा

मालेगांव, मनमाड, येवला और सटाणा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नासिक शहर और जिले में बम निरोधक एवं शोधक दस्ते को भी मुस्तैद रखा गया है। गुड मॉर्निंग स्क्वाड, गश्ती दल, बीट मार्शल और होमगार्ड लगातार स्थिति पर नजर रखेंगे। मंदिर, मस्जिद और दरगाह सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर फिक्स पॉइंट सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

आतंकवाद रोधी दस्ता संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करेगा, जबकि क्राइम ब्रांच की टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ क्विक रिस्पॉन्स टीम को भी किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रखा गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com