

Nashik Congress Protest: मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नासिक शहर एवं जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की है। साथ ही उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर स्वतंत्र जांच कराने की मांग राष्ट्रपति के नाम अपर जिलाधिकारी हेमांगी पाटील को सौंपे गए ज्ञापन में की गई।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष निलेश (बबलू) खैरे, उत्तर जिला अध्यक्ष रमेश कहांडोले तथा दक्षिण जिला अध्यक्ष भारत टाकेकर के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने यह ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष शरदराव आहेर तथा प्रदेश सचिव प्रो. ज्ञानेश्वर गायकवाड़ उपस्थित थे। ज्ञापन में एक अंग्रेजी समाचार पत्र में प्रकाशित कथित खोजपरक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कांग्रेस ने दावा किया कि SIR प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग के अन्य दो आयुक्तों ने कई निर्णयों पर लिखित आपत्तियां दर्ज कराई थीं।
कांग्रेस का आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने अन्य आयुक्तों को विश्वास में लिए बिना कुछ एकतरफा निर्णय लिए। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। पार्टी ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने से पहले कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने जोरदार नारेबाजी की।
“ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” तथा “संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी करने वालों का निषेध हो” जैसे नारे लगाए गए। इस अवसर पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वाती जाधव, नगरसेविका नाजिया अत्तार, ज्ञानेश्वर काले, कुसुम चव्हाण, रईस शेख सहित कांग्रेस के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।