

Nashik Job Fair: नासिक और आसपास के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 'अंबड इंडस्ट्रीज एंड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन' (आयमा) की ओर से मंगलवार, 29 सितंबर को भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
आयमा के अध्यक्ष राजेंद्र पानसरे ने बताया कि इस मेले के माध्यम से युवाओं के पास प्रतिष्ठित उद्योगों में रोजगार पाने का बेहतरीन अवसर है। अंबड एमआईडीसी स्थित 'आयमा रिक्रिएशन सेंटर' (पी-25) में आयोजित इस मेले में विभिन्न औद्योगिक और निर्माण क्षेत्रों की नामचीन कंपनियां भाग लेंगी।
इसमें आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक और स्नातकोत्तर योग्यता वाले फ्रेशर्स व अनुभवी उम्मीदवारों का सीधे साक्षात्कार (इंटरव्यू) के जरिए चयन किया जाएगा। राजेंद्र पानसरे ने कहा कि यह पहल उद्योगों और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के बीच एक मजबूत कड़ी साबित होगी।
मेले में भाग लेने के इच्छुक उद्योगों, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों, कॉलेजों व आईटीआई संस्थानों से ऑनलाइन पंजीकरण करने का आग्रह किया गया है। आयमा के महासचिव संजय महाजन, युवा सेल के अध्यक्ष अभिषेक व्यास और कार्यकारिणी समिति ने नासिक शहर व जिले के अधिक से अधिक युवाओं से अपने रिज्यूमे और शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।