नासिक विमानतल विस्तार का होगा भूमिपूजन, बदल जाएगी तस्वीर, मुख्यमंत्री फडणवीस करेंगे शिलान्यास

Nashik Airport Bhoomipujan: नासिक एयरपोर्ट विस्तार परियोजना का भूमिपूजन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों होगा, जिससे कुंभ मेले, उद्योग, कृषि निर्यात और क्षेत्रीय रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
Nashik airport bhoomipujan
Kumbh Mela airport project (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Nashik Airport Expansion: नासिक एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य जल्द ही शुरू होने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन समारोह 8 फरवरी को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कर-कमलों द्वारा राज्य के प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में संपन्न होगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस, जिन्होंने पूर्व में नासिक को गोद लेने की घोषणा की थी, उनके दूरदर्शी नेतृत्व और विकासोन्मुख दृष्टि के तहत नासिक एयरपोर्ट का कायाकल्प करने का निर्णय लिया गया है। आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए मंत्री गिरीश महाजन के मार्गदर्शन में यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप विमानतल की क्षमता बढ़ाई जा रही है।

औद्योगिक, व्यापार और रोजगार को मिलेगी गति

इस विस्तार से नासिक और उत्तर महाराष्ट्र के अंबड, सातपुर, सिन्नर, मालेगांव, इगतपुरी सहित धुलिया, जलगांव, भुसावल, चालीसगांव, मनमाड और नंदुरबार जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को बड़ा लाभ होगा। तेज कार्गो सुविधा और आधुनिक लॉजिस्टिक्स के कारण स्थानीय उद्योगों (ज्वेलरी, टेक्सटाइल, फार्मा, एग्रो-प्रोसेसिंग) को वैश्विक बाजार से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

कृषि निर्यात और कुंभ मेले के लिए वरदान

नासिक जिले के अंगूर, प्याज और अनार जैसे कृषि उत्पादों के निर्यात को नई गति मिलेगी। आधुनिक कोल्ड-चेन सुविधा से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। वहीं कुंभ मेले के दौरान एयर एम्बुलेंस, सुरक्षा बलों की त्वरित आवाजाही और आपदा प्रबंधन में यह एयरपोर्ट मील का पत्थर साबित होगा। इस आधुनिक विमान अड्डे के निर्माण की जिम्मेदारी उसी कंपनी को दी गई है, जिसने पूर्व में मात्र 11 महीनों में नासिक एयरपोर्ट का निर्माण पूरा किया था. कंपनी ने इस बार भी 11 महीने के रिकॉर्ड समय में परियोजना पूरी करने का संकल्प जताया है।

प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति

समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, छगन भुजबल, गिरीश महाजन, दादा भूसे सहित कई कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

कुंभ मेले और उद्योग जगत को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि समृद्धि महामार्ग और प्रस्तावित वाढवण बंदरगाह के साथ नासिक की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। यह महाराष्ट्र का पांचवां सबसे आधुनिक विमानतल बनेगा, जिससे राज्य के 21 जिलों को यात्री और कार्गो परिवहन के लिए तेज हवाई सेवा उपलब्ध होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com