मालेगांव का बदला यूपी में लेगी AIMIM, विधायक मुफ्ती इस्माइल का बड़ा ऐलान- इकरा हसन के गढ़ में लगाएंगे मंच

Mufti Ismail Qasmi Statement: AIMIM विधायक मुफ्ती इस्माइल कासमी ने मालेगांव चुनाव का जिक्र कर समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अब वह और असदुद्दीन ओवैसी यूपी जाकर चुनाव प्रचार करेंगे।
AIMIM MLA Mufti Ismail Qasmi Targets Samajwadi Party Akhilesh Yadav
AIMIM विधायक मुफ्ती इस्माइल कासमी, अखिलेश यादवसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • मुफ्ती इस्माइल ने दी यूपी में प्रचार की चेतावनी

  • सपा नेताओं मालेगांव आकर मुफ्ती इस्माइल के खिलाफ प्रचार किया था

  • AIMIM विधायक का इकरा हसन को सीधा चैलेंज

AIMIM MLA Mufti Ismail Qasmi Targets Samajwadi Party: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के विधायक मुफ्ती इस्माइल कासमी ने उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है। नासिल जिले के मालेगांव विधानसभा चुनाव के दौरान अपने खिलाफ चलाए गए सियासी अभियान को याद करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। कासमी ने साफ शब्दों में कहा है कि जिस तरह सपा के बड़े नेताओं ने मालेगांव आकर उन्हें हराने की कोशिश की, उसी तरह अब उन्हें और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को भी उत्तर प्रदेश जाकर चुनाव प्रचार करने का पूरा अधिकार है।

मुझे हराने मालेगांव आए थे अखिलेश : मुफ्ती इस्माइल कासमी

मालेगांव सेंट्रल विधानसभा सीट से AIMIM के विधायक मुफ्ती इस्माइल कासमी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद मालेगांव आए थे। उनके साथ अबू आजमी, इकरा हसन, मोहिबुल्लाह नदवी समेत पार्टी के कई सांसदों और नेताओं ने भी यहां आकर सभाएं कीं। उनका मकसद सिर्फ एक था, उनकी सीट पर उन्हें हराना।

इकरा हसन ने मुफ्ती इस्माइल के घर के पास लगाया था मंच

मुफ्ती इस्माइल कासमी ने बताया कि कैराना की सपा सांसद इकरा हसन दो-दो बार मालेगांव आईं और मोहिबुल्लाह नदवी भी दो बार आए। इतना ही नहीं, इकरा हसन ने उनके घर के पास ही मंच लगाकर सभा की थी। इसके बावजूद जब समाजवादी पार्टी को यहां मुंह की खानी पड़ी, तो उसके नेता कोर्ट चले गए।

हार के बाद मुसलमानों के खिलाफ कोर्ट गई थी सपा

AIMIM विधायक कासमी ने आरोप लगाया कि कोर्ट में भी मुसलमानों के खिलाफ मुद्दा उठाया गया। दुआ के मुद्दे, आमीन कहने के मुद्दे और मस्जिद के अंदर महिलाओं की सरबराही को लेकर की गई उनकी बात को सियासत से जोड़ दिया गया। यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। ऐसे में प्रतिक्रिया के तौर पर उनका उत्तर प्रदेश जाना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि वह भी इकरा हसन के भाई और उनके सामने जाकर एक मंच लगाएंगे।

मुफ्ती इस्माइल कासमी ने अभी इस बारे में अंतिम फैसला नहीं लिया है, लेकिन उन्होंने अपनी मंशा साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि वह देखेंगे कि आगे क्या करना है। अगर समाजवादी पार्टी के नेता मालेगांव आकर उनके खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं, तो उन्हें भी यूपी में जाकर प्रचार करने का अधिकार है।

AIMIM MLA Mufti Ismail Qasmi Targets Samajwadi Party Akhilesh Yadav
शरद पवार का इतिहास पीठ में छुरा घोंपने वाला, परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस का सुप्रिया सुले पर बड़ा हमला

सपा नेताओं ने की ओवैसी को यूपी आने से रोकने की मांग

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के विधायक मुफ्ती इस्माइल कासमी ने बताया कि हाल ही में जब वह उत्तर प्रदेश गए थे, तो सपा के कई बड़े नेता उनसे मिले थे। उन नेताओं ने उनसे कहा था कि वह असदुद्दीन ओवैसी को यूपी आने से रोकें।

इस पर उन्होंने जवाब दिया था कि ओवैसी साहब को रोकने की क्या बात है, वह खुद ही यूपी आने वाले हैं। उन्होंने कहा था कि चुनाव का ऐलान होने दीजिए, मैं खुद आऊंगा। इस पर सपा के नेताओं ने हाथ जोड़कर कहा कि आप मत आइए।

AIMIM विधायक ने सपा नेताओं से पूछा सवाल

AIMIM विधायक कासमी ने कहा कि उन्होंने उन नेताओं से सवाल किया था कि जब आपकी पार्टी के अध्यक्ष उनके खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए मालेगांव आ सकते हैं, अबू आजमी आ सकते हैं, इकरा हसन और नदवी दो-दो बार आ सकते हैं, तो उन्हें यूपी क्यों नहीं आना चाहिए? उन्हें तो आना ही चाहिए।

AIMIM MLA Mufti Ismail Qasmi Targets Samajwadi Party Akhilesh Yadav
परिसीमन बिल को लेकर उद्धव ठाकरे गुट का सामना से मोदी सरकार पर तीखा हमला, DMK और शरद पवार गुट को भी घेरा

परिसीमन बिल पर क्या बोले AIMIM विधायक

वहीं, संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर AIMIM के विधायक मुफ्ती इस्माइल कासमी ने कहा कि परिसीमन हर बीस साल में एक बार होता है। इस बारे में सरकार को जो काम करना है, वह उसकी जिम्मेदारी है और वह उसे करेगी।

उन्होंने कहा कि जब उनसे इस विषय पर बातचीत होगी, तो वह अपनी राय रखेंगे। वक्त आने पर देखा जाएगा कि परिसीमन होना चाहिए या नहीं। इस मुद्दे पर वह पार्टी के जिम्मेदार लोगों, शहर के लोगों, राजनीतिक और सामाजिक लोगों तथा शिक्षा से जुड़े लोगों से बातचीत करने के बाद ही अपना पक्ष रखेंगे।