नासिक परिक्षेत्र में नए आईजी संजय येनपुरे ने संभाला पदभार, पांच जिलों की सुरक्षा और कुंभ मेला होगी बड़ी चुनौती
New Nashik IGP: वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय येनपुरे ने नासिक परिक्षेत्र के नए विशेष पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) का पदभार संभाला; पांच जिलों की सुरक्षा और आगामी कुंभ मेला होगी मुख्य चुनौती।
- Written By: रूपम सिंह
आईजी संजय येनपुरे ने संभाला पदभार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Maharashtra Police IPS Sanjay Yenpure Profile New IGP: नासिक परिक्षेत्र के नवनियुक्त विशेष पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय येनपुरे ने 22 मई को पदभार ग्रहण कर लिया। नासिक पुलिस आयुक्तालय में आयोजित एक औपचारिक समारोह में पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा उन्हें पदभार सौंपा। नासिक परिक्षेत्र के निवर्तमान विशेष पुलिस महानिरीक्षक दत्ता कराले वर्तमान में अवकाश पर होने के कारण यह जिम्मेदारी औपचारिक रूप से पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक द्वारा हस्तांतरित की गई।
नासिक पुलिस परिक्षेत्र भौगोलिक, प्रशासनिक और सुरक्षा की दृष्टि से राज्य के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में माना जाता है। इस परिक्षेत्र के अंतर्गत नासिक ग्रामीण, अहिल्यानगर (अहमदनगर), धुलिया, जलगांव और नंदुरबार जैसे पांच जिले आते हैं। इनमें कई संवेदनशील और अंतर-राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्र शामिल होने से कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी मानी जाती है। ऐसे में अपराध नियंत्रण, संगठित अपराधों पर अंकुश, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई तथा सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की जिम्मेदारी अब संजय येनपुरे के कंधों पर होगी।
पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों से चर्चा करते हुए संजय येनपुरे ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनकेंद्रित बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने अपराध रोकथाम, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस गश्त को मजबूत करने के संकेत दिए। साथ ही विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ समन्वय बढ़ाकर त्वरित कार्रवाई प्रणाली विकसित करने पर भी बल दिया जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें
जबरन शादी से बचने के लिए छोड़ा था घर; अब बॉम्बे हाईकोर्ट ने महिला के हक में सुनाया यह बड़ा फैसला
जब नदी बन गईं सड़कें… और खिलौने की तरह बह गए 1,200 सिलेंडर; रायगड़ में आसमानी आफत का वायरल VIDEO
शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में सुनवाई के दौरान हंगामा, महिला कर्मचारी से अभद्रता, कपड़े उतारकर बनाया वीडियो
‘शिक्षकों से BLO का काम क्यों, पढ़ाएगा कौन?’ सरपंच ने जिलाधिकारी कार्यालय में खड़े किए तीखे सवाल
ये भी पढ़ें :- नासिक विधान परिषद चुनाव: निर्विरोध की आहट से नगरसेवकों में नाराजगी, एक वोट के लिए 10 लाख रुपये की चर्चा गर्म
येनपुरे के आगामी कार्यकाल की सबसे बड़ी चुनौती नासिक शहर में होने वाला आगामी सिंहस्थ कुंभ मेला माना जा रहा है। देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारियां करनी होंगी।
कुंभ मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन को अभी से बहुस्तरीय सुरक्षा योजना तैयार करनी पड़ेगी। सूत्रों के अनुसार, नवनियुक्त महानिरीक्षक ने संकेत दिए हैं कि परिक्षेत्र के पांचों जिलों में समन्वित सुरक्षा तंत्र विकसित कर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
