पुणे त्रासदी के बाद नासिक आबकारी विभाग का एक्शन; 12 दिनों में 95 केस दर्ज, 59 हजार लीटर रसायन नष्ट

Nashik Crime News: पुणे में जहरीली शराब त्रासदी के बाद नासिक आबकारी विभाग ने विशेष अभियान चलाकर 95 मामले दर्ज किए, 72 आरोपियों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में रसायन नष्ट किया।
Following the Pune liquor tragedy, Nashik Excise Department launched a 12-day crackdown, registering 95 cases and destroying over 59,000 liters of raw chemical.
जहरीली शराब (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nashik Illegal Liquor Raid: पुणे में मेथनॉल मिश्रित जहरीली शराब से हुई दुखद त्रासदी के बाद नासिक राज्य आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ युद्धस्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। अधीक्षक संतोष झगड़े के नेतृत्व में चलाए गए 12 दिवसीय विशेष अभियान के तहत विभाग ने न केवल भारी मात्रा में घातक रसायन और हथकढ़ शराब जब्त की है, बल्कि बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां भी की हैं।

29 मई से 9 जून के बीच चलाए गए इस विशेष अभियान का लेखा-जोखा बेहद सख्त रहा है विभाग ने करीब 59,430 बल्क लीटर घातक रसायन (कच्चा माल) और 2,549 बल्क लीटर हथकढ़ शराब को मौके पर ही नष्ट किया है। इस दौरान 95 नए आपराधिक मामले दर्ज कर 72 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। कार्रवाई में 41 लाख 23 हजार 815 रुपये मूल्य की सामग्री और अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए गए 2 वाहन जब्त किए गए हैं।

अब तक का विस्तृत ग्राफ

पुणे त्रासदी के बाद से विभाग की सक्रियता में कई गुना वृद्धि हुई है-

  • कुल दर्ज मामलेः 479 (त्रासदी से पहले 384, बाद में -95)
  • कुल गिरफ्तार आरोपीः 324 (त्रासदी से पहले 254, बाद में 70)
  • कुल जब्त सामग्री का मूल्यः लगभग 1 करोड़ 41 लाख रुपये

जानलेवा शराब से सावधान

प्रशासन की अपील राज्य आबकारी विभाग के अधीक्षक संतोष झगड़े ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध देसी या हथकढ़ शराब के सेवन से पूरी तरह बचें, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक और जानलेवा हो सकती है।

प्रशासन ने जन-सहयोग मांगते हुए कहा है कि यदि कहीं अवैध निर्माण, भंडारण या परिवहन की सूचना मिले, तो तुरंत निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क करें- टोल-फ्री नंबर: 18002339999, व्हाट्सएप नंबर: 8422001133, दूरभाष नंबर: 0253-2581033 प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com