

CM ने दर्शन पथ, गोदाघाट, द्वारका सर्कल और ओझर विमानतल का निरीक्षण किया।
विकास कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
परियोजनाएं अगले 25–30 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं।
Nashik Kumbh Mela Development Works: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने भरोसा जताया कि इन कार्यों से नासिक और त्र्यंबकेश्वर की सूरत बदलेगी और सभी काम तय समय में गुणवत्ता के साथ पूरे होंगे।
ध्वजारोहण समारोह से पहले फडणवीस ने त्र्यंबकेश्वर के दर्शन पथ और गोदा घाट, नासिक के द्वारका सर्कल और ओझर विमानतल का दौरा किया। अधिकारियों से कामों की स्थिति और आगे की योजना की जानकारी ली।
उन्होंने काम की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। पालकमंत्री गिरीश महाजन, कुंभ मेला प्राधिकरण आयुक्त शेखर सिंह और जिलाधिकारी आयुष प्रसाद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए किए जा रहे विकास कार्यों का लाभ केवल आयोजन के दौरान ही नहीं, बल्कि आने वाले कई वर्षों तक मिलेगा। इन परियोजनाओं के माध्यम से नासिक और त्र्यंबकेश्वर में यातायात व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
अगले 25 से 30 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार की जा रही हैं। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ओझर विमानतल से जुड़े विकास कार्यों को गति देने से हवाई संपर्क और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
महानगरपालिका, एमएसआरडीसी, कुंभ मेला प्राधिकरण, जिला और पुलिस प्रशासन के समन्वय से काम चल रहा है। फडणवीस ने सभी एजेंसियों को बधाई दी और एमएसआरडीसी के कामों की विशेष सराहना की।
दर्शन पाठ और गोदाघाट क्षेत्र के काम चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद योजनाबद्ध ढंग से चल रहे हैं। देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे धार्मिक पर्यटन में त्र्यंबकेश्वर का महत्व बढ़ेगा।
द्वारका सर्कल का काम तय समय से पहले पूरा होने की दिशा में है। इस मानसून में यहां जल निकासी का परीक्षण हुआ और जलभराव रोकने के उपाय किए गए हैं। ओझर विमानतल के विस्तार कार्य का भी निरीक्षण किया गया। देवेंद्र फडणवीस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर अधिक सतर्क रहने को कहा।