

CM Devendra Fadnavis On Onion Price: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को नासिक जिले के दिंडोरी तालुका चाचाडगांव में 'कर्मयोगी दुलाजी सीताराम पाटिल कृषि महाविद्यालय' की नई इमारत का उद्घाटन और शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। मराठा विद्या प्रसारक समाज (MVP) द्वारा संचालित इस संस्थान के कार्यक्रम में CM फडणवीस ने नाशिक के प्याज, कृषि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के इस्तेमाल और इजराइली तर्ज पर खेती की लागत घटाने को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कही।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिंडोरी में नए कृषि महाविद्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में मजाकिया अंदाज में कहा कह नासिक का प्याज पूरे देश में मशहूर है, लेकिन यही प्याज हर साल दो बार आंखों में पानी भी ला देता है। उन्होंने कहा कि इस बार प्याज के अच्छे भाव होने के कारण कोई प्याज उपहार में लेकर नहीं आया, जबकि भाव गिरने पर अक्सर किसान प्याज भेंट कर देते हैं।
मुख्यमंत्री ने देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नासिक जिला खेती के मामले में बहुत आगे है। देश की कुल अंगूर निर्यात में से 80 प्रतिशत हिस्सा अकेले नासिक से होता है। लासलगांव देश का सबसे बड़ा प्याज केंद्र है। फडणवीस ने बताया कि राज्य के 80 प्रतिशत किसान छोटी जोत वाले हैं, जिससे उनकी निवेश क्षमता सीमित रहती है।
महाराष्ट्र में 80% किसान छोटे और सीमांत जोत वाले हैं, जिससे उनकी निवेश क्षमता सीमित रहती है। इस चुनौती से निपटने के लिए मुख्यमंत्री ने कृषि अनुसंधान को प्रयोगशाला से निकालकर सीधे खेतों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
सीएम फडणवीस ने बताया कि देश में पहली बार खेती के लिए AI का इस्तेमाल करते हुए 'महाविस्तार ऐप' तैयार किया गया है। यह ऐप फसल की बुवाई से लेकर कटाई तक किसानों को उनकी भाषा में सटीक मार्गदर्शन और समाधान देता है। AI तकनीक के जरिए खाद और बीज का सही इस्तेमाल कर उत्पादन लागत में 25 से 30 प्रतिशत तक की बड़ी कमी लाई जा सकती है।
रसायनिक खादों के अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी की गुणवत्ता घटने पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इजराइल की तरह कम पानी में अधिक उत्पादन वाली आधुनिक तकनीकों को महाराष्ट्र में लागू किया जा रहा है। शोध और नई तकनीक ही खेती का भविष्य संवार सकती हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार मराठा विद्या प्रसारक समाज के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए हर जरूरी सहयोग देगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने 30,000 शिक्षकों और 5,000 नॉन-टीचिंग स्टाफ सदस्यों की भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
सीएम फडणवीस ने कहा कि मुझे भरोसा है कि यह संस्था अपना बेहतरीन काम जारी रखेगी और शिक्षा के क्षेत्र में अपने योगदान को और मजबूत करेगी। इस अवसर पर मंत्री गिरीश महाजन, दादाजी भुसे, नरहरी झिरवल और छगन भुजबल सहित कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं।