कैप्टन खरात कांड: प्रसिद्ध व्यवसायी से SIT की पूछताछ, आलीशान होटल और मोबाइल चैटिंग ने खोली पोल

Captain Kharat Case Nashik: नासिक में कैप्टन अशोक कुमार खरात मामले की जांच के दौरान SIT ने एक व्यवसायी से पूछताछ की है, जिसमें आलीशान होटल और मोबाइल चैटिंग के जरिए यौन शोषण नेटवर्क के संकेत मिले हैं।
captain kharat case sit investigation nashik businessman hotel chats
Captain Kharat Case (सोर्सः फाईल फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Nashik SIT Investigation: ईश्वरीय शक्ति और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर महिलाओं का यौन शोषण करने वाले मुख्य आरोपी अशोक कुमार एकनाथ खरात उर्फ कैप्टन के काले कारनामों के तार अब नासिक के एक आलीशान होटल से जुड़ते नजर आ रहे हैं। इस मामले में नासिक के जाने-माने व्यवसायी और शिर्डी संस्थान के सद्सय शैलेश कुटे के खिलाफ एसआईटी को शिकायत प्राप्त हुई है, जिसके बाद उनसे कड़ी पूछताछ की गई। पिछले एक महीने से एसआईटी की हिरासत में मौजूद खरात की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।

जांच के दौरान पुलिस के हाथ आरोपी खरात और व्यवसायी शैलेश कुटे के बीच हुई मोबाइल चैटिंग लगी है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि दोनों नियमित संपर्क में थे। खरात अक्सर कुटे के मालिकाना हक वाले आलीशान होटल में रुकता था। अब पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है कि क्या इस होटल का उपयोग खरात के अनैतिक कार्यों के लिए किया गया था। एसआईटी को प्राप्त लिखित शिकायत में खरात के कुकर्मों में व्यवसायी की मिलीभगत का संदेह जताया गया है।

यौन शोषण मामले में बढ़ा शिकंजा

पुलिस अधीक्षक तेजस्वी सातपुते के मार्गदर्शन में जांच दल यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि क्या खरात के प्रवास के दौरान पीड़ित महिलाओं को वहां ले जाया जाता था? व्यवसायी ने खरात की क्या मदद की? मंगलवार 21 अप्रैल देर रात तक कुटे से पूछताछ की गई और उन्हें दोबारा बुलाए जाने की संभावना है।

कैप्टन खरात पर अब तक कुल 17 मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें महिलाओं के यौन उत्पीड़न के 8 मामले, फिरौती और धोखाधड़ी के 8 मामले तथा धमकी देने का एक मामला शामिल है। वर्तमान में वह सरकारवाडा पुलिस स्टेशन में दर्ज पांचवें मामले में गिरफ्तार है। इस हाई-प्रोफाइल मामले ने पूरे जिले का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

पुराने 'हनी-ट्रैप' मामले की छाया

संबंधित व्यवसायी और उनका होटल पहले भी विवादों में रह चुका है। वर्ष 2025 में एक महिला ने 100 से अधिक प्रशासनिक अधिकारियों के नाम लेते हुए शिकायत की थी, जिसमें इसी होटल का उल्लेख था। वह 'हनी-ट्रैप' मामला विधानसभा तक गूंजा था। उस समय मामला दर्ज न होने के कारण व्यवसायी जांच से बच गए थे, हालांकि वे कई महीनों तक नासिक से गायब रहे थे। अब खरात कांड ने उन पुरानी कड़ियों को फिर से जोड़ दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com