अशोक खरात पर कसा शिकंजा, ED के बाद अब नासिक पुलिस लेगी रिमांड, मौत का डर दिखाकर 16 एकड़ जमीन हड़पने का आराेप

Ashok Kharat Case: अंधविश्वास का डर दिखाकर जमीन हड़पने वाले नासिक के ढोंगी बाबा अशोक खरात की मुश्किलें बढ़ीं। सिन्नर पुलिस के बाद अब नासिक शहर पुलिस धोखाधड़ी के मामलों में हिरासत की तैयारी में है।
Ashok Kharat Nashik Police Custody
अशोक खरात (फाइल फोटो, सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ashok Kharat Nashik Police Custody: नासिक के भाेंदूबाबा अशोक खरात की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और सिन्नर पुलिस की जांच के बाद अब नासिक शहर पुलिस भी उसे अपनी हिरासत में लेने की तैयारी कर रही है। सरकारवाड़ा पुलिस थाने में दर्ज दो धोखाधड़ी के मामलों में पूछताछ के लिए रिमांड मांगी जाएगी। फिलहाल सिन्नर पुलिस थाने में दर्ज मिरगांव जमीन धोखाधड़ी मामले में खरात को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अशाेक खरात पर कसेगा नासिक पुलिस का शिकंजा

इसके बाद नासिक शहर पुलिस अदालत में आवेदन देकर उसे अपनी हिरासत में लेने की प्रक्रिया शुरू करेगी। हिरासत मिलने के बाद उसे संबंधित मामलों में पूछताछ के लिए फिर अदालत में पेश किया जाएगा। सिन्नर न्यायालय के न्यायाधीश एल. सी. वाडीकर ने अशोक खरात को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इससे पहले कुंदेवाड़ी स्थित जगदंबा माता सहकारी पतसंस्था में 32 फर्जी खातों की जांच के सिलसिले में पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। पांच दिन की पुलिस रिमांड के बाद उसे नाशिक रोड केंद्रीय कारागार भेज दिया गया था। हालांकि, मिरगांव जमीन घोटाले की गहन जांच के लिए सिन्नर पुलिस ने उसे दोबारा जेल से हिरासत में लिया। तीन दिन की पुलिस रिमांड के दौरान उसके वित्तीय लेन-देन, पैसों के प्रवाह और कथित फर्जी दस्तावेजों की गहन जांच की गई। अब पुलिस दस्तावेजों की सत्यता की भी जांच कर रही है।

मौत का डर दिखाकर हड़पी साढ़े 16 एकड़ जमीन

आरोप है कि अशोक खरात ने कुंदेवाड़ी के माली परिवार को अंधविश्वास और जादू-टोने का डर दिखाकर उनकी साढ़े 16 एकड़ कृषि भूमि अपने कब्जे में कर ली। उसने कथित रूप से परिवार को यह कहकर भयभीत किया कि इस जमीन के कारण उनके परिवार में मौतें होंगी। बदले में उसने जमीन के एवज में केवल 4 लाख रुपये का भुगतान किया। इस मामले की जांच फिलहाल सिन्नर पुलिस कर रही है और पुलिस को वित्तीय लेन-देन तथा जमीन हस्तांतरण से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

बता दें कि खुद को ज्योतिषी और 'गॉडमैन' बताने वाले अशोक खरात को नासिक पुलिस ने 18 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी एक 35 वर्षीय महिला द्वारा दर्ज कराई गई गंभीर शिकायत के आधार पर की गई थी। अशोक खरात पर नशीला पदार्थ देकर लंबे समय तक महिला का दुष्कर्म करने, ब्लैकमेल करने और जादू-टोने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगा था। इसके बाद कई महिलाएं सामने आई और अशोक खरात के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com