

Ashok Kharat Pratibha Chakankar Inquiry: महाराष्ट्र के बहुचर्चित अशोक खरात धोखाधड़ी मामले में एक नया और बड़ा मोड़ सामने आया है। महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर सोमवार को शिरडी पुलिस स्टेशन में पेश हुईं। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) वर्तमान में उनका बयान दर्ज कर रही है। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि जालसाज अशोक खरात का चाकणकर परिवार के साथ संदिग्ध वित्तीय संबंध है।
जांच के दौरान पता चला है कि खरात समता पतसंस्था (क्रेडिट सोसाइटी) के कुल 132 बैंक खातों में 'नॉमिनी' के तौर पर दर्ज है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से चार खाते चाकणकर परिवार के सदस्यों के नाम पर हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रतिभा चाकणकर के नाम पर दो और उनके बच्चों के नाम पर दो बैंक खाते मिले हैं। इन चारों खातों में अशोक खरात को नॉमिनी बनाया गया है। प्रारंभिक जांच में इन खातों से करीब 2 करोड़ 40 लाख रुपये के वित्तीय लेन-देन की बात सामने आई है। पुलिस अब इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि क्या प्रतिभा चाकणकर ने ये खाते खुद खोले थे या खरात ने उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग करके यह जाल बुना था।
अशोक खरात पर आरोप है कि वह शिरडी आने वाले श्रद्धालुओं और परिचितों से उनके आधार कार्ड और पैन कार्ड की फोटोकॉपी इकट्ठा करता था। पुलिस को संदेह है कि खरात ने इन दस्तावेजों का इस्तेमाल विभिन्न क्रेडिट संस्थानों में बेनामी खाते खोलने के लिए किया होगा। 132 खातों में नॉमिनी होना इस बात की ओर इशारा करता है कि यह धोखाधड़ी का एक बहुत बड़ा संगठित नेटवर्क हो सकता है।
जालसाज अशोक खरात की पुलिस हिरासत की अवधि आज समाप्त हो रही है। अब तक तीन बार उसकी कस्टडी बढ़ाई जा चुकी है। प्रतिभा चाकणकर के बयान और नए वित्तीय दस्तावेजों के सामने आने के बाद, एसआईटी (SIT) आज कोर्ट में खरात को पेश कर दोबारा पुलिस हिरासत की मांग करेगी। पुलिस का मानना है कि खरात से आमने-सामने पूछताछ करने पर कई सफेदपोश चेहरों और 'मंत्रालय' के संपर्कों का पर्दाफाश हो सकता है।