बाघ की खाल, सांप और जंगली जानवरों के अवशेष, तंत्र-मंत्र और नरबलि, अशोक खरात की काली करतूतों का बड़ा खुलासा
Ashok Kharat News and Update: नासिक के अशोक खरात की जांच में तंत्र-मंत्र, नकली सांप और जंगली जानवरों के अवशेषों का इस्तेमाल कर ठगी और यौन शोषण करने के डरावने खुलासे हुए हैं।
- Written By: अनिल सिंह
Ashok Kharat News and Update (फोटो क्रेडिट-X)
Bhondu Baba Black Magic: नासिक के ढोंगी बाबा अशोक खरात की एसआईटी (SIT) जांच में अब ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जो किसी डरावनी फिल्म की पटकथा जैसे प्रतीत होते हैं। खुद को ‘कैप्टन’ और ‘दिव्य ज्योतिषी’ बताने वाला खरात न केवल यौन शोषण का अपराधी था, बल्कि वह तंत्र-मंत्र, नकली नरबलि के दृश्य और अघोरी अनुष्ठानों के जरिए लोगों के मन में खौफ पैदा कर उनसे करोड़ों रुपये ऐंठता था।
जांचकर्ताओं के अनुसार, खरात ने सिन्नर के मीरगांव स्थित अपने मंदिर को ‘मनोवैज्ञानिक उत्पीड़न’ का केंद्र बना रखा था।
नकली सांप, बाघ की खाल और ‘चमत्कारी’ इमली के बीज
अशोक खरात के ‘दिव्य चमत्कार’ की सच्चाई बेहद शर्मनाक है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वह बाजार से खरीदे गए प्लास्टिक के सांप और बाघ की खाल जैसे दिखने वाले कपड़ों का इस्तेमाल कर मंदिर में कृत्रिम डर का माहौल बनाता था। हद तो तब हो गई जब यह पता चला कि खरात के कर्मचारी महज 100 रुपये किलो मिलने वाले जंगली इमली के बीजों को पॉलिश कर उन्हें ‘सिद्ध बीज’ बताकर 10 हजार से 1 लाख रुपये तक में बेचते थे। वह पत्थरों पर फर्जी अनुष्ठान कर उन्हें ‘एनर्जी स्टोन’ के नाम पर हाई-प्रोफाइल ग्राहकों को बेचकर करोड़ों की ठगी करता था।
सम्बंधित ख़बरें
कुंभ मेले से पहले गोदावरी के प्रदूषण पर छिड़ी जंग, हाईकोर्ट में याचिका दाखिल
कौड़ियों के दाम बिका प्याज, 73 बोरी बेचने के बाद किसान को मिले महज 400 रुपए
कुंभ तैयारियों को मिली रफ्तार, पेंट माय सिटी अभियान, डिजिटल सुविधाएं और बुनियादी ढांचा प्रस्तावों को मंजूरी
‘नासिक फाइल्स’ पर गंभीर मंथन, कॉर्पोरेट संस्कृति, महिला सुरक्षा और धर्मांतरण मुद्दों पर परिसंवाद में उठी चिंता
गर्भवती महिलाओं का शिकार और जबरन गर्भपात
अशोक खरात की दरिंदगी का शिकार सबसे ज्यादा वे महिलाएं हुईं जो पारिवारिक समस्याओं या संतान प्राप्ति की आस में उसके पास आती थीं। एक पूर्व कर्मचारी ने आरोप लगाया कि खरात ने उसकी सात महीने की गर्भवती पत्नी का ‘आशीर्वाद’ देने के बहाने यौन शोषण किया। एक अन्य पीड़िता ने खुलासा किया कि खरात ने उसे शादी और सुरक्षित भविष्य का झांसा देकर बार-बार बलात्कार किया और जब वह गर्भवती हुई, तो उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसका जबरन गर्भपात करवा दिया। वह महिलाओं को बेहोश करने के लिए पेय पदार्थों में नशीली दवाएं मिलाता था।
सीसीटीवी कैमरे ने खोली ‘कैप्टन’ की पोल
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब खरात के एक पूर्व कर्मचारी ने उसके केबिन में गुप्त रूप से सीसीटीवी कैमरा लगवा दिया। इस फुटेज में नासिक के ढोंगी बाबा अशोक खरात को महिलाओं के साथ अघोरी अनुष्ठान के नाम पर अश्लील हरकतें और बलात्कार करते हुए देखा गया है। जब कर्मचारी ने इसका विरोध किया, तो खरात ने उसे जान से मारने की धमकी दी। राजनेताओं से ऊंचे संबंधों के डर से लोग अब तक चुप थे, लेकिन 17 मार्च को हुई उसकी गिरफ्तारी के बाद अब पीड़ितों का सैलाब उमड़ पड़ा है। पुलिस को संदेह है कि खरात ‘नरबलि’ का डर दिखाकर भी लोगों को ब्लैकमेल करता था।
