नासिक में तोड़फोड़ करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 6 आरोपी गिरफ्तार, घटनास्थल पर कराया पुनर्गठन

Nashik Vehicle Damage: नासिक के अंबड इलाके में चारपहिया वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से घटनास्थल पर अपराध का पुनर्गठन भी कराया गया।
Police crack down on vandals in Nashik; 6 accused arrested, crime scene reconstruction conducted.
नासिक, अंबड पुलिस, तोड़फोड़,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Nashik Ambad Police: नासिक नवीन सिडको क्षेत्र के राणा प्रताप चौक के पास स्थित आदर्श सोसाइटी में 2 चारपहिया वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले छह संदिग्ध आरोपियों को अंबड पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

इलाके में दहशत फैलाने वाले इन अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस सभी संदिग्धों को सीधे घटनास्थल पर ले गई और वहां अपराध का पुनर्गठन कराया। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में कानून का इकबाल बुलंद हुआ है और अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

वाहनों में तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लिया

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार शाम को जब शिकायतकर्ता अमर वझरे अपने घर पर नहीं थे, तब कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने उनके घर के सामने खड़े दो चार पहिया वाहनों के शीशे तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया था।

वझरे जब रात में घर लौटे तो उन्हें इस घटना का पता चला। उन्होंने तुरंत अंबड पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का रुख कर पंचनामा किया और जांच तेज कर दी। गोपनीय सूचनाओं और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर अंबड पुलिस ने कुछ ही घंटों में छह संदिग्धों को अलग-अलग इलाकों से हिरासत में ले लिया।

तोड़फोड़ से लोगों में भय

गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण रमेश दांडेकर, रवि दत्ता गायकवाड, सचिन विजय दांडेकर, संतोष गायकवाड, (चारों इंदिरा नगर निवासी), स्वप्निल सुभाष जाधव (दत्त नगर, चुंचाले), मिलिंद साहेबराव कांबले (काठे गली) शामिल हैं।

सिडको पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए सिडको और अंबड क्षेत्र में वाहनों में तोड़फोड़ कर आम जनता के बीच डर का माहौल पैदा करने वाले तत्वों को कड़ी चेतावनी दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस रविवार को उन्हें घटनास्थल पर लेकर आई।

पुलिस की मौजूदगी में आरोपियों से वारदात को अंजाम देने के पूरे घटनाक्रम का लाइव री-कन्स्ट्रक्शन कराया गया, दिनदहाड़े पुलिस द्वारा आरोपियों को मौके पर लाकर इस तरह कड़ा सबक सिखाने के कदम का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com