

Chhatrapati Sambhajinagar Crime Lemon Tree Hotel News: छत्रपति संभाजीनगर शहर के लेमन ट्री होटल में ऑनलाइन बुकिंग कर ठहरे कुछ युवकों ने होटल के नियमों का उल्लंघन करते हुए एक ही कमरे में बड़ी संख्या में लोगों को ठहराने की कोशिश की। होटल प्रबंधन के आपत्ति जताने के बाद आरोपियों ने कर्मियों संग न गलौज बल्कि पिटाई भी कर दी।
एचआर प्रबंधक से भी धक्का-मुक्की की गई। पुलिस के पहुंचने के बाद भी हंगामा जारी रखा। घटना 28 जून की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हुई। प्रकरण में राहुल हिंगे, दिनेश घावत, प्रदीप राजपूत, दत्ता हिंगे, राजीव कोलते, सगपान नरवडे, योगेश दुल्हत, विशाल खाड़े व राजकुमार जैन के खिलाफ सिडको पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
सुरक्षा प्रबंधक सौरभ काटकर (33) ने शिकायत दर्ज कराई कि विशाल, योगेश व ललित के नाम पर होटल में ऑनलाइन कमरा बुक किया गया था। शाम को वे 10 से 12 अन्य लोगों के साथ होटल पहुंचने के बाद होटल प्रबंधन ने एक कमरे में 3 से अधिक लोगों के नहीं ठहरने की जानकारी देते हुए अतिरिक्त लोगों से बाहर जाने का अनुरोध
किया। हमलावरों ने मना करने पर कर्मियों संग अभद्र व्यवहार कर धमकियां भी दीं। होटल प्रबंधन ने 112 नंबर पर कॉल कर
छत्रपति संभाजीनगर पुलिस को बुलाने के बाद सभी को समझाकर रिसेप्शन पर लाया गया। इसके बाद भी आरोपियों ने एक और कमरा ऑनलाइन बुक करने की कोशिश की।
शिकायत में कहा गया है कि रात में स्विमिंग पूल बंद करने का समय होने के बावजूद आरोपियों ने पूल खाली करने से इनकार कर दिया। कर्मियों के अनुरोध करने पर वे आग बबूला हो गए व उन्होंने वहां रखे सामान फेंकना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर सुरक्षा प्रबंधक काटकर होटल पहुंचे।
इस दौरान आरोपियों ने एचआर प्रबंधक रवि गंगावणे संग धक्का-मुक्की भी की। तदुपरांत फिर पुलिस बुलानी पड़ी। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने होटल प्रबंधन पर वाहन चोरी का आरोप लगाते हुए सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग करते हुए सीसीटीवी ऑपरेटर विशाल म्हस्के को पीटा। उन्हें बचाने पहुंचे सुरक्षा गार्ड अनिल फुके को भी नहीं बख्शा। जांच हवलदार भाऊसाहेब जगताप कर रहे हैं।