10 दिन के नवजात को गोद में लेकर 12वीं की परीक्षा देने पहुंचीं नांदेड़ की शीतल, प्रशासन ने किया ये खास इंतजाम
Nanded Student HSC Exam: नांदेड़ की शीतल चित्ते 10 दिन के बच्चे के साथ 12वीं की परीक्षा में शामिल हुईं। कॉलेज ने उनके लिए अलग कमरा और पालने की व्यवस्था की। शिक्षा अधिकारियों ने इस पहल की सराहना की।
- Written By: रूपम सिंह
10 दिन के नवजात को गोद में लेकर 12वीं की परीक्षा देने पहुंचीं नांदेड़ की शीतल, (सौजन्य-नवभारत)
Maharashtra Board 12th Exams 2026: नांदेड़ शहर में एक महिला अपने 10 दिन के बच्चे को गोद में लेकर महाराष्ट्र बोर्ड की कक्षा 12 की परीक्षा में शामिल होने पहुंची। इसके बाद अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर महिला के लिए विशेष इंतजाम किए। अधिकारियेां ने यह जानकारी दी।
दो दिन बाद भी छात्रा ने दी 12वीं की परीक्षा
शीतल चंद्रकांत चित्ते (21) बुधवार को अपने नवजात शिशु के साथ राजनीति विज्ञान की परीक्षा में शामिल होने केंद्र पर पहुंचीं। इससे पहले प्रसव के महज दो दिन बाद उन्होंने 10 फरवरी को अंग्रेजी की परीक्षा में भी बैठी थी। महिला अपनी बहन के साथ अंग्रेजी की परीक्षा में शामिल होने आई थी।
शिक्षा के प्रति महिला के दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए पीपुल्स कॉलेज के अधिकारियों ने एक समर्पित ‘मातृस्नेह कक्षा’ (मां के अनुकूल कमरा) बनाया और बच्चे के लिए एक पालने की व्यवस्था की, जिससे शीतल के लिए परीक्षापत्र लिखना आसान हो गया।
सम्बंधित ख़बरें
नांदेड़ से मुंबई तक बढ़ी रेल कनेक्टिविटी, अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से लॉन्च की नई ट्रेनें
आचार संहिता के कारण टली थी नांदेड़-मुंबई ट्रेन, 6 जुलाई से शुरू, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे उद्घाटन
नांदेड की इस शादी ने जीता PM मोदी का दिल, मन की बात में की खुलकर तारीफ
‘मैं शिवसेना में ही रहूंगा…’, बागी सांसद नागेश पाटिल अष्टिकर का रहस्यमयी बयान; ऑपरेशन टाइगर के बीच बढ़ी उलझन
शीतल की शादी दो साल पहले हुई थी। वह यहां के श्री बसवेश्वर कॉलेज की छात्रा हैं। उन्होंने कहा कि घर पर बच्चे की देखभाल करने वाला कोई नहीं है क्योंकि उनके पति दिन में काम पर चले जाते हैं।
यह भी पढ़ें:- शिवनेरी में गरजे CM फडणवीस: किलों को अतिक्रमण मुक्त करने का लिया संकल्प,कहा- शिवाजी महाराज न होते तो इतिहास…
प्रशासन ने की पहल की सराहना
उन्होंने बताया कि 12 वीं की परीक्षा उनके भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसी कारण उन्होंने इसे नहीं छोड़ने का फैसला किया और उनका परिवार भी शिक्षा जारी रखने के उनके फैसले का समर्थन करता है।
नांदेड़ के शिक्षा अधिकारी माधव सालगर ने परीक्षा के दौरान छात्रा के लिए अलग से सुविधा उपलब्ध कराने के कॉलेज के कदम की सराहना की। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”अब से, हम प्रशासन की ओर से ऐसे छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था करेंगे।” महाराष्ट्र बोर्ड के लातूर मंडल अध्यक्ष सुधाकर तेलंग ने दावा किया कि राज्य में यह अपनी तरह की पहली पहल है।
महाराष्ट्र बोर्ड के तहत उच्च माध्यमिक प्रमाणपत्र (एचएससी) परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू हुईं और केंद्र पर सुचारू रूप से आयोजित हो रही हैं, जहां 861 उम्मीदवार परीक्षा दे रहे हैं।
