नांदेड़ में शिंदे की शिवसेना के नगराध्यक्ष की हत्या, 3 दिन में 5 हत्याओं से दहला शहर, लोगों में दहशत
Nanded Crime News: नांदेड़ में शिंदे सेना शहराध्यक्ष सोनू कल्याणकर की सरेआम हत्या कर दी गई है। पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी घायल। तीन दिनों में पांच हत्याओं से जनता में भारी आक्रोश और डर का माहौल।
- Written By: आकाश मसने
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Nanded Shiv Sena Leader Murder: महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर में इन दिनों अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं। पिछले 72 घंटों के भीतर शहर में एक के बाद एक हुई 5 हत्याओं ने न केवल पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि आम नागरिकों के मन में दहशत पैदा कर दी है। शहर में जारी इस ‘गैंगवार’ ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं।
शिंदे सेना के नेता की नृशंस हत्या
ताजा मामला सोमवार सुबह का है। राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के शहराध्यक्ष सोनू कल्याणकर हमेशा की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमला इतना बर्बर था कि सोनू कल्याणकर की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे नांदेड़ में तनाव फैल गया है।
पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़
सोनू कल्याणकर की हत्या के बाद पुलिस एक्शन मोड में आई। स्थानीय अपराध शाखा (LCB) को गुप्त सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी अंकुश गंधमवार झारी गांव में छिपा हुआ है। जब पुलिस की टीम वहां पहुंची, तो आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें अंकुश गंधमवार घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन आरोपियों प्रसाद उर्फ ऋषि शिंदे, कृष्णा जोगदंड और रवि उर्फ रोहित लोट को हिरासत में ले लिया है।
सम्बंधित ख़बरें
Pune Metro Uber QR Ticket : पुणे मेट्रो का सफर हुआ डिजिटल, अब उबर ऐप से बुक होंगे QR टिकट
छत्रपति संभाजीनगर: ड्रग्स तस्करी में इस्तेमाल होने वाली निजी ट्रेवल्स की बस का परमिट 30 दिनों के लिए निलंबित
‘मैं तहसील में काम करता हूं’ कहकर महिला को लगाया लाखों का चूना, आरोपी पर केस दर्ज
संभाजीनगर में सीआईआई का ‘बायर-सेलर’ सम्मेलन संपन्न; डिफेन्स और ऑटोमोटिव क्षेत्र के एमएसएमई को मिलेंगे नए अवसर
यह भी पढ़ें:- राज्यसभा में शपथ ग्रहण: व्हीलचेयर पर पहुंचे शरद पवार, सावित्रीबाई फुले के अवतार में दिखीं ज्योती वाघमारे-VIDEO
अशोक चव्हाण की प्रतिक्रिया
नांदेड़ की बिगड़ती स्थिति पर पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद अशोक चव्हाण ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का प्राथमिक कर्तव्य है। जो कुछ भी हुआ वह अत्यंत निंदनीय है। हम प्रशासन को पूरा सहयोग दे रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे पुलिस की जांच प्रक्रिया में कोई हस्तक्षेप नहीं करेंगे। फिलहाल नांदेड़ में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
