नागपुर में पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, हादसा दिखाने सड़क किनारे फेंका शव

Nagpur Murder Case: अवैध संबंध उजागर होने के डर से पत्नी ने प्रेमी संग पति की हत्या कर दी। शव सड़क किनारे फेंककर हादसा दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस ने प्रेमी को गिरफ्तार किया।
In Nagpur, a wife conspired with her lover to murder her husband
नागपुर में पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिशप्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI
Updated on

Nagpur Husband Murder Case: नागपुर एमआईडीसी थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों का राज खुलने के डर से एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और घटनास्थल पर शराब की बोतल रखकर मौत को हादसा दिखाने की कोशिश की।

मामले में पुलिस ने महिला के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान आशीषकुमार नरेशकुमार अग्निहोत्री और पूजा सुधीर द्विवेदी के रूप में हुई है। मृतक की पहचान गजानननगर निवासी सुधीर महेंद्रप्रसाद द्विवेदी (33) के रूप में हुई है।

सड़क किनारे मिला था शव

सुधीर का शव 10 अगस्त की सुबह सड़क किनारे मिला था। शुरुआती तौर पर एमआईडीसी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया था। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुधीर की मौत स्वाभाविक नहीं होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू की और धीरे-धीरे पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

पत्नी के प्रेम संबंधों पर था पति को शक

पुलिस जांच में सामने आया कि सुधीर की पत्नी पूजा के आशीष के साथ कथित रूप से प्रेम संबंध थे। खास बात यह थी कि आशीष और सुधीर एक ही निजी कंपनी में काम करते थे और दोनों के बीच दोस्ती थी। आशीष का सुधीर के घर भी आना-जाना था।

बताया जा रहा है कि सुधीर को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का संदेह था, लेकिन उसे यह जानकारी नहीं थी कि इस मामले में उसका करीबी दोस्त आशीष भी शामिल है।

राज खुलने के डर से हत्या की साजिश

पुलिस के मुताबिक, पूजा और आशीष को आशंका थी कि उनके संबंधों की जानकारी सुधीर को हो सकती है और उनका राज सामने आ जाएगा। इसी डर के चलते दोनों ने कथित तौर पर सुधीर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि 9 अगस्त की रात सुधीर को शराब पिलाई गई। इसके बाद उस पर लोहे की रॉड से हमला किया गया और फिर दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।

हादसा दिखाने के लिए शव सड़क किनारे फेंका

हत्या के बाद आरोपियों ने सुधीर के शव को सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए घटनास्थल पर शराब की बोतल भी रखी गई, ताकि पुलिस और आसपास के लोगों को पहली नजर में यह हादसा लगे।

हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले की दिशा बदल दी और पुलिस को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद शुरू हुई जांच में कथित प्रेम संबंध और हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।

In Nagpur, a wife conspired with her lover to murder her husband
यूपी में IPS अधिकारी की मां की संदिग्ध मौत, पहले बताया हार्ट अटैक, फिर कहा हत्या का शक, पुलिस ने जांच की तेज

प्रेमी गिरफ्तार, पत्नी के खिलाफ भी मामला दर्ज

एमआईडीसी पुलिस ने मामले में आशीषकुमार अग्निहोत्री को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मृतक की पत्नी पूजा द्विवेदी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब हत्या की साजिश में दोनों की भूमिका, घटना के दौरान मौजूद परिस्थितियों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से शुरू हुई जांच ने उस मौत के पीछे छिपी कथित साजिश का पर्दाफाश कर दिया, जिसे शुरुआती तौर पर हादसा बताने की कोशिश की गई थी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com