

Navegaon Khairi Pumping Station: नागपुर शहर नवेगांव खैरी रॉ वॉटर पंपिंग स्टेशन पर महावितरण की घोर लापरवाही एक बार फिर शहरवासियों पर भारी पड़ गई है। बार-बार बिजली गुल होने और तकनीकी गड़बड़यों के कारण शहर का वॉटर सप्लाई सिस्टम पूरी तरह चरमरा गया है। त्योहारों के इस सीजन में जब लोगों को पानी की सबसे ज्यादा जरूरत है।
तब नागपुर के बड़े हिस्से को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार 18 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे नवेगांव खैरी पंपिंग स्टेशन की बिजली अचानक कट गई, जो रात 9:55 बजे बहाल हो सकी। हालांकि बिजली आते ही तकनीकी खामियों ने दोबारा काम रोक दिया और कच्चा पानी उठाने का काम रात 11:30 बजे ही शुरू हो पाया।
इस वजह से पेंच-I, II, III और IV जल शोधन संयंत्रों से शुद्ध पानी की आपूर्ति आधी रात 12 बजे के आसपास ही शुरू की जा सकी। अधिकारियों की इस लचर कार्यप्रणाली का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। पंप बमुश्किल पांच घंटे ही चल पाई थी कि 19 सितंबर को तड़के 5:15 बजे फिर से बिजली गुल हो गई, जिसे सुबह 9:30 बजे बहाल किया गया। इसके बाद सुबह 10:30 बजे शुद्ध पानी की सप्लाई दोबारा शुरू हो सकी।
लक्ष्मी नगर, धरमपेठ, धंतोली, गांधीबाग, मंगलवारी और हनुमान नगर जोन में जल आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। नेहरू नगर, सतरंजीपुरा और आशी नगर जोन के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति आशिक रूप से बाधित रही।
नागपुर शहर नवेगांव खैरी रॉ वॉटर पंपिंग स्टेशन पर महावितरण की घोर लापरवाही से बार-बार बिजली कटने और उसके बाद पंप शुरू होने में हुई भारी देरी के कारण वॉटर सप्लाई का लगभग 10 घंटे का चक्र पूरी तरह से टूट गया। पेंच फीडर मेन पर निर्भर क्षेत्रों में 19 सितंबर की सुबह पानी की आपूर्ति तो प्रभावित हुई ही, शाम को भी कुछ इसी तरह का हाल रहा।
त्योहारों के समय में महावितरण और संबंधित विभागों की इस गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली से नागरिकों में भारी आक्रोश है। नवेगांव खैरी स्टेशन को निर्बाध बिजली सप्लाई मिले, इसके लिए मामला प्राथमिकता से महावितरण के सामने उठाया गया। नागपुर मनपा-ओसीडब्ल्यू प्रशासन का दावा है कि वे प्रभावित इलाकों में स्थिति संभालने और शाम के जल चक्र को बहाल करने का प्रयास कर रहे हैं। नागरिकों से पानी का सतर्कता से उपयोग करने की अपील की गई है।