

PWD Chief Engineer Sambhaji Mane: नागपुर शहर सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए इंजीनियरिंग क्षेत्र को नई और उभरती तकनीकों को अपनाने के साथ ही रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर अधिक जोर देना होगा।
सड़क निर्माण, शहरी नियोजन और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में पर्यावरण अनुकूल एवं आधुनिक तकनीकों का अधिक इस्तेमाल किया जाना चाहिए। यह बात लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मुख्य अभियंता संभाजी माने ने कही।
द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) लोकल सेंटर की ओर से 59वां अभियंता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष समारोह की थीम 'इंजीनियरिंग एक्सीलेंस फॉर ए सस्टेनेबल एंड टेक्नोलॉजिकल सोवरेन इंडिया' थी।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए माने ने सतत विकास में इंजीनियरिंग और तकनीक की भूमिका पर प्रकाश डाला, उन्होंने कहा कि भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए इंजीनियरों को इनोवेशन, रिसर्च और अत्याधुनिक तकनीकों को अपनाने पर ध्यान देना होगा।
नागपुर शहरी नियोजन और इंफ्रास्ट्रक्चर का जिक्र करते हुए माने ने कहा कि शहरों के कई हिस्सों में महज करीब 100 मिमी बारिश में ही जलभराव की स्थिति बन जाती है। यह स्थिति इंफ्रास्ट्रक्चर की समग्र डिजाइन और वैज्ञानिक नियोजन की जरूरत को दर्शाती है।
विभिन्न सरकारी एजेंसियों, इंजीनियरी और प्लानिंग संस्थाओं के बीच संवाद की कमी को दूर करना भी जरूरी है। अध्यक्ष डॉ. संदीप शिरखेडकर ने स्वागत भाषण दिया।
वाल्सन वर्गीस ने मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के जीवन और योगदान का परिचय दिया। राजेश लांबे ने मुख्य अतिथियों का परिचय कराया। महेश शुक्ला ने कार्यक्रम का संचालन किया। सचिव जयंत जोशी, प्रकाश कुलकर्णी, श्रीकांत दोईफोडे मंच पर उपस्थित थे।
नागपुर आधुनिक भारत के निर्माण और निर्वाध बिजली आपूर्ति में योगदान देने वाले अभियंताओं के सम्मान में महावितरण के नागपुर परिमंडल कार्यालय द्वारा भारतरत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर अभियंता दिवस' समारोहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम में राजेश नायक मुख्य अभियंता, नागपुर परिमंडल, अमित परांजपे अधीक्षक अभियंता, प्रादेशिक कार्यालय, संजय वाकडे अधीक्षक अभियंता, नागपुर ग्रामीण मंडल, दिपाली माडेलवार अधीक्षक अभियंता, बुनियादी ढांचा विभाग, प्रफुल लांडे अधीक्षक अभियंता, शहर मंडल, चंदन तल्लरवार कार्यकारी अभियंता, परीक्षण विभाग, महेश जाधव, वर्तिका पाटिल, स्वाति फटे, कुणाल गजभिये उपस्थित थे।
वर्तिका पाटिल ने' पावर स्टेशन टू पर्सनल स्ट्रेंथ' विषय पर मार्गदर्शन करते हुए 24 घंटे तनाव में काम करने वाले अभियंताओं को संतुलन बनाने के व्यावहारिक तरीके बताए, संजय वाकडे ने बताया कि नागपुर महावितरण बदलाव के दौर से गुजर रहा है और कंपनी के आईपीओ की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ाए जा रहे है।
प्रफुल लांडे ने अधिकारियों से व्यायाम, जॉगिंग व खेल गतिविधियों के जरिए तनाव मुक्त रहने और टीमवर्क से काम करने का आह्वान किया। राजेश नायक मुख्य अभियंता ने वर्ष भर बेहतरीन कार्य करने वाले अभियंताओं और टीमों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।