नागपुर विदर्भ में 42 डिग्री तापमान, भीषण गर्मी के बीच स्कूल खोलने का विरोध, 25 जून से सत्र शुरू करने की मांग

Nagpur Vidarbha Heatwave: नागपुर विदर्भ में जारी भीषण गर्मी और स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को देखते हुए शिक्षक परिषद ने 15 जून के बजाय 25 जून से स्कूल शुरू करने की मांग की है।
Opposition to opening schools in Nagpur (Vidarbha) amidst scorching heat and temperatures reaching 42°C; demand to start the academic session from June 25.
शिक्षक परिषद, 25 जून से स्कूल शुरू करने की मांग (सोर्स: सौजन्य AI)
Published on
Updated on

Nagpur Education Department Student Health: नागपुर विदर्भ में भीषण गर्मी और स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को देखते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्कूलों की शुरुआत 15 जून के बजाय 25 जून से शुरू करने की मांग महाराष्ट्र राज्य शिक्षक परिषद ने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से की है। परिषद ने राज्य सरकार से इस संबंध में जारी आदेश को तत्काल वापस लेने की भी मांग की है।

शिक्षा संचालनालय द्वारा राज्य की प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शालाओं को 15 जून से शुरू करने के आदेश जारी किए गए हैं। हालांकि विदर्भ का तापमान अब भी औसतन 42 डिग्री सेल्सियस है जिससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

भीषण गर्मी में स्कूल खोलने पर विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता

विदर्भ के अनेक स्कूलों में पेयजल, बिजली तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। ऐसी परिस्थितियों में 6 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों को भीषण गर्मी में स्कूल भेजना जोखिमपूर्ण साबित हो सकता है। इससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका है। 15 जून से स्कूल शुरू करने का निर्णय बंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ के पूर्व निर्णय तथा सर्वोच्च न्यायालय द्वारा बरकरार रखे गए आदेशों की भावना के विपरीत है।

स्कूल शुरू करने के फैसले पर उठे सवाल, हाईकोर्ट में चुनौती

परिषद के अनुसार यह निर्णय शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग की कुछ निर्धारित मार्गदर्शक शर्तों का भी उल्लंघन करता है। इस बीच विदर्भ में स्कूलों को 25 जून से शुरू करने की मांग को लेकर उच्च्च न्यायालय में याचिका भी दायर की गई है।

परिषद का कहना है कि न्यायालय ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई जुलाई में होने की संभावना है। सरकार से विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 15 जून से स्कूल शुरू करने के आदेश को तत्काल निरस्त करने और परिस्थितियों का पुनर्मूल्यांकन कर नया निर्णय लेने की मांग की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com