नागपुर: गणेशोत्सव पर फ्लाईओवर और अंडरपास निर्माण से जाम का खतरा, मानेवाड़ा व अजनी में राहगीर परेशान

Nagpur Road Traffic: नागपुर में जारी ओवरब्रिज, सीमेंटीकरण और अंडरपास के अधूरे निर्माण कार्यों ने ट्रैफिक व्यवस्था बिगाड़ दी है। मानेवाड़ा, अजनी और गोलीबार चौक पर भीषण जाम से नागरिक बेहद परेशान हैं।
Nagpur Flyover Construction Traffic
भीषण जाम से नागरिक बेहद परेशान फोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Nagpur Flyover Construction Traffic: नागपुर शहर में विकास कार्यों के नाम पर जगह-जगह सड़क, ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण शुरू हैं। एक ओर नागरिकों को रोजाना इन निर्माण कार्यों के कारण जाम और धीमी यातायात गति से जूझना पड़ रहा है वहीं अब गणेशोत्सव सामने है।

उत्सव के दौरान सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही यह निर्माण कार्य यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। हालात देखकर लगता है कि प्रशासन ने विकास कार्य तो शुरू कर दिए लेकिन उनके कारण पैदा होने वाली यातायात समस्या का स्थायी समाधान करना भूल गया है।

मानेवाड़ा रिंग रोड पर पहले ही जाम

मानेवाड़ा से रिंग रोड की ओर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण यातायात की रफ्तार पहले ही थम गई है। पीक ऑवर में वाहन चालकों को कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में काफी समय लग रहा है। गणेशोत्सव के दौरान मंडलों की गतिविधियां और बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ इस मार्ग पर दबाव और बढ़ाएगी। मानेवाडा से दिघोरी तक जाम की स्थिति पुलिस के साथ आम नागरिकों की नाक में दम करने वाली है।

महालक्ष्मी स्थापना के साथ पुलिस और प्रशासन की परीक्षा

नागपुर शहर में गणेशोत्सव के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव स्वाभाविक रूप से बढ़ेगा, खासतौर पर महालक्ष्मी स्थापना के 2 दिन पूर्व, मध्य और दक्षिण नागपुर में सबसे अधिक माहौल रहता है। हर वर्ष इन 2 से 3 दिनों में शाम के समय शहर का ट्रैफिक चलता नहीं, रेंगता है।

ऐसे में निर्माणाधीन मार्गों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस, स्पष्ट डायवर्जन, पर्याप्त बैरिकेडिंग और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था अभी से करना जरूरी है। केवल उत्सव के दिनों में अचानक यातायात व्यवस्था संभालने की कोशिश पर्याप्त नहीं होगी।

नागपुर शहर में विकास कार्य जरूरी हैं लेकिन एक साथ इतने निर्माण कार्य शुरू कर नागरिकों को रोज जाम में फंसाना भी उचित नहीं है। पुलिस, प्रशासन और निर्माण एजेंसियों को गणेशोत्सव से पहले संवेदनशील मार्गों की समीक्षा कर ढोस यातायात योजना तैयार करनी होगी, अन्यथा इस बार गणपति बप्पा मोरया के साथ वाहन चालकों की जुबान पर जाम से बचाओ की पुकार भी सुनाई दे सकती है।

अजनी में एक साथ कई काम

अजनी स्टेशन परिसर के आसपास स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है। यहां केबल स्टेयड ब्रिज का निर्माण जारी है। इसी क्षेत्र में कृपलानी चौक की ओर सड़क का सीमेंटीकरण और एफसीआई गोडाउन की तरफ अंडरपास का काम भी चल रहा है।

यानी एक ही इलाके में सड़क और पुल से जुड़े कई निर्माण कार्य एक साथ चल रहे हैं। रोजाना यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को संकरे रास्ते, बैरिकेडिंग और धीमी गति के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है, गणेशोत्सव के दौरान प्रतिमाओं की आवाजाही और श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर स्थिति और बिगड़ सकती है।

Nagpur Flyover Construction Traffic
नागपुर में दर्दनाक हादसा, ट्रैवल्स बस ने मां-बेटे को 20 फीट तक घसीटा, देखें घटना का दर्दनाक VIDEO

गोलीबार चौक पर काम खत्म होने का नाम नहीं

नागपुर शहर में गोलीबार चौक के पास डागा अस्पताल के सामने ओवरब्रिज के हिस्से का निर्माण भी लंबे समय से जारी है। निर्माण क्षेत्र में सीमित जगह के कारण वाहन चालकों को लगातार सावधानी से गुजरना पड़ रहा है। जाम की स्थिति बनने पर इसका असर आसपास की सड़कों तक पहुंचता है।

उत्सव के दौरान यहां से गुजरने वाले नागरिकों के लिए यह परेशानी कई गुना बढ़ सकती है।खास बात है कि ये इतवारी बाजार से लगा हुआ एरिया है जहां गणेशोत्स्व की धूम सबसे अधिक रहता है। ऐसे में यहां ट्रैफिक की स्थिति का अंदाजा लगाना ज्यादा मुश्किल नहीं है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com