लोकसभा चुनाव जीतने पर बोलीं सुप्रिया सुले- फकीर की तरह लड़ा चुनाव, नहीं था जीत का भरोसा

सुप्रिया सुले ने कहा है कि उन्होंने इस साल हुए लोकसभा चुनाव में बारामती सीट से एक ‘‘फकीर'' की तरह चुनाव लड़ा था और उन्हें अपनी जीत का ‘‘शत प्रतिशत'' भरोसा ही नहीं था।
‘फकीर की तरह लड़ा लोकसभा चुनाव, जीत का भरोसा नहीं था: सुप्रिया सुले
सुप्रिया सुले (सोर्स: एएनआई)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-एसपी) की नेता सुप्रिया सुले ने अब कहा है कि उन्होंने इस साल हुए लोकसभा चुनाव में बारामती सीट से एक ‘‘फकीर'' की तरह चुनाव लड़ा था और उन्हें अपनी जीत का ‘‘शत प्रतिशत'' भरोसा ही नहीं था।

महाराष्ट्र की बारामती सीट से सांसद सुले ने एक निजी समाचार चैनल से बीते शुक्रवार को कहा कि यह ‘‘शायद असंभव'' है कि महाविकास अघाडी (MVA) महाराष्ट्र में नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री पद के दावेदार के तौर पर पार्टी के किसी नेता के नाम की घोषणा करेगी।

वहीं MVA के प्रमुख घटक राकांपा (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुले ने कहा कि चुनाव के बाद ही गठबंधन उचित व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाएगा। उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी एवं अपनी भाभी सुनेत्रा पवार के साथ बारामती सीट पर हुए कड़े मुकाबले के बारे में सुले ने कहा, “मुझे शत प्रतिशत यकीन नहीं था कि मैं इस चुनाव में जीत पाऊंगी क्योंकि मैं कई मुश्किलों के बावजूद लड़ रही थी।”

इसके साथ ही NCP के दो गुटों में बंट जाने का जिक्र करते हुए सुले ने कहा कि उनकी पार्टी और उसका चुनाव चिह्न उनसे छीन लिया गया। सुले ने कहा, ‘‘मैंने एक फकीर की तरह चुनाव लड़ा था।'' सुप्रिया सुले ने सुनेत्रा पवार को बारामती सीट से हराकर लगातार चौथी बार जीत हासिल की है।

जानकारी दें कि, महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव में यहां की सबसे हाई प्रोफाइल सीट बारामती से कद्दावर नेता शरद पवार की इकलौती बेटी व उनकी पार्टी NCP(SP) से उम्मीदवार सुप्रिया सदानंद सुले ने जीत हासिल की थी । तब उन्होंने अपनी भाभी और अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को 1 लाख 58 हजार 333 वोटों से करारी हार दी थी। इस सीट पर सभी की नजर टिकी हुई थी। पता हो कि बारामती लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में बीते 7 मई को मतदान हुआ था। इसमें 47. 84% लोगों ने वोट दिया था।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com