नागपुर का अजनी क्षेत्र बना 'ट्रैफिक का चक्रव्यूह'; चारों तरफ सड़कें बंद होने से बेहाल हुए वाहन चालक

Nagpur Ajni Railway Station: अजनी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पुल सड़क निर्माण कार्य के चलते कई मार्ग बंद हैं। इससे रोजाना लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है व यात्रियों व वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
Nagpur's Ajni area turns into a 'traffic maze'; motorists in distress as roads are closed on all sides.
अजनी रेलवे स्टेशन, ट्रैफिक जाम,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Traffic Jam: नागपुर अजनी रेलवे क्षेत्र से गुजरने वाली सड़क को चारों ओर से बंद कर दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप यहां रोजाना भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है। इस कारण सैकड़ों वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। योजना की कमी के कारण नागरिक असुविधा का सामना कर रहे हैं। इस मार्ग का उपयोग करने वालों ने इस संबंध में प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

बता दें कि अजनी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अहिल्याबाई होलकर चौक के चारों ओर पुल और सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। इन कार्यों के कारण अजनी रेलवे स्टेशन मार्ग पर कई सड़कें बंद कर दी गई हैं। ट्रेन के अजनी रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों के उतरते ही लंबी कतार लग जाती है। तब ऑटो, ओला, उबर और अन्य वाहनों में सवार यात्रियों के चलते ट्रैफिक दोगुना हो जाता है।

भारी भीड़भाड़ के चलते प्रति दिन कई घंटों तक यातायात जाम हो रहा है। कांग्रेसनगर चौक पर दोनों ओर बैरिकेड लगाए गए हैं जिससे वहां भी यातायात जाम हो रहा है। रेलवे मेन्स स्कूल से आने वाले संकरे ब्रिटिश-युग के पुल पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। पुल के बगल में नए लक्ष्मण झूला पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। इस पुल से गुजरते हुए बाई ओर यू-टर्न लेने वाली रहाटे कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क पर भी दोनों ओर सीमेंट की सड़क का निर्माण किया जा रहा है।

आए दिन होती हैं दुर्घटनाएं

सुबह और शाम के समय बाहर से आने वाली बसें परिवहन के लिए इस क्षेत्र में आती हैं। परिणामस्वरूप उन्हें हर दिन अभूतपूर्व यातायात जाम का सामना करना पड़ता है। हर दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रहती हैं और यातायात के कारण झगड़े भी हो जाते हैं।

स्कूल खुलने के बाद नासूर बनेगी समस्या

अजनी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में चारों दिशाओं में बिना किसी योजना के चल रहे अनियोजित निर्माण कार्य के कारण स्कूलों और कॉलेजों के कर्मचारी, नौकरीपेशा लोग, शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा आम नागरिक बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। आने वाले दिनों में स्कूल और कॉलेज खुल जाएंगे, ऐसे में स्कूल बसे, ऑटो और अन्य वाहन भी इस मार्ग का उपयोग करेंगे। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या नासूर बन जाएगी।

भूमिगत सड़क का कार्य जारी

वहीं अहिल्याबाई होलकर चौक पर भूमिगत सड़क का काम चल रहा है जिसके कारण दोनों ओर वैरिकेड लगाए गए है और सड़कें बंद कर दी गई है। पहले एफसीआई गोदाम के पास चूनाभट्टी से मेडिकल कॉलेज जाने के लिए अजनी रेलवे पुल मार्ग का उपयोग किया जाता था।

हालांकि यह मार्ग भी बंद कर दिया गया है। कास्ट्राइब जिला परिषद कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सोहन चवरे ने मांग की है कि यातायात पुलिस, निर्माण विभाग, नागपुर महानगरपालिका और संबंधित विभागों के अधिकारी इस क्षेत्र का निरीक्षण करें और यातायात समस्या का समाधान करे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com