

Nagpur Police Vishwas Nangare Patil: नागपुर शहर के नवनियुक्त सीपी विश्वास नांगरे पाटिल ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। पुलिस भवन में पूर्व सीपी रवींद्रकुमार सिंगल से औपचारिक रूप से चार्ज लेने के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए अपराधियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि परिस्थितियां मांग करेंगी तो पुलिस एनकाउंटर जैसी कार्रवाई करने से भी पीछे नहीं हटेगी लेकिन ऐसी हर कार्रवाई पूरी तरह कानून के दायरे में, पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए ही की जाएगी।
नागपुर को अपराध मुक्त और सुरक्षित शहर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए पुलिस केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करने तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि अपराध होने से पहले ही उसे रोकने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागपुर में अन्य शहरों की तुलना में अपराध का स्वरूप अलग है और यहां व्यक्तियों के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराध अपेक्षाकृत अधिक हैं, इसलिए पुलिस की रणनीति पूरी तरह प्रिवेंटिव पुलिसिंग पर आधारित होगी। पाटिल ने बताया कि शहर के प्रत्येक थाना क्षेत्र के अपराधों का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा।
यह समझने का प्रयास होगा कि किस इलाके में किस प्रकार के अपराध अधिक हो रहे हैं और उनके पीछे क्या कारण हैं। उसी आधार पर पुलिस अपनी रणनीति तैयार करेगी, उन्होंने कहा कि हम अपराध के पैटर्न का वैज्ञानिक और तथ्यपरक विश्लेषण करेंगे। हमारा प्रयास रहेगा कि अपराध होने से पहले ही उसे रोका जाए।
साक्ष्य आधारित पुलिसिंग हमारी कार्यशैली का प्रमुख आधार होगी। पुलिस कानून के शासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी और किसी भी अपराधी के साथ नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अपराधी कानून को चुनौती देगा तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों में भय पैदा करना नहीं बल्कि उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। केवल अपराधियों के मन में कानून और पुलिस का भय होना चाहिए, जबकि कानून का पालन करने वाले नागरिक स्वयं को पूरी तरह सुरक्षित और निश्चिंत महसूस करें। पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित पुलिस गश्त को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही खुफिया तंत्र को सशक्त बनाने, संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी घटना पर त्वरित प्रतिक्रिया देने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक जांच और साक्ष्य आधारित पुलिसिंग के माध्यम से बदलते अपराध के स्वरूप के अनुरूप पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उनका फोकस पुलिस का मनोबल बढ़ाने पर रहेगा।
एक सक्षम और प्रेरित पुलिस बल ही बेहतर कानून व्यवस्था कायम रख सकता है, इसलिए पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाना भी उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा, साथ ही आम नागरिकों और पुलिस के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, एक प्रेरित पुलिस बल और नागरिकों का सहयोग प्रभावी पुलिसिंग की सबसे बड़ी ताकत है। हम पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और पेशेवर तरीके से कार्य करते हुए नागपुर को और अधिक सुरक्षित शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।