नागपुर मनपा स्कूलों में शिक्षक भर्ती पर बड़ा फैसला: अब पवित्र पोर्टल से होगी तैनाती, पुराने शिक्षकों को राहत
Nagpur School Teacher Vacancy: नागपुर मनपा ने स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी को दूर करने के लिए स्थायी समिति ने पवित्र पोर्टल भर्ती और अनुभवी कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों के समायोजन को मंजूरी दी।
- Written By: आकाश मसने
नागपुर मनपा स्कूलों में पवित्र पोर्टल से होगी शिक्षक भर्ती (प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI)
NMC School Teacher Recruitment: नागपुर महानगरपालिका (NMC) के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी और अल्पकालिक कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों की नियुक्तियों के मुद्दे पर अब एक ठोस रणनीति अपनाने का निर्णय लिए जाने की जानकारी स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी ने दी। उन्होंने कहा कि अब प्यास लगने पर कुआं खोदने की नीति को छोड़कर पूरे वर्ष के लिए आवश्यक शिक्षकों की एक विस्तृत सूची तैयार करने का आदेश विभाग को दिया गया है। इसके साथ ही, स्कूलों में पहले से सेवा दे रहे अस्थायी शिक्षकों को भी संरक्षण देने की तैयारी है।
शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए माध्यमिक शालाओं में अस्थायी कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों की नियुक्ति और मानदेय को लेकर विस्तृत प्रस्ताव स्थायी समिति के समक्ष रखा गया जिसे मंजूरी प्रदान की गई। फिलहाल 3 महीने के लिए 92 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है।
‘पवित्र पोर्टल’ से स्थायी भर्ती और अस्थायी शिक्षकों का समायोजन
नागपुर मनपा की स्थायी समिति ने अपनी पिछली बैठक में महाराष्ट्र सरकार के ‘पवित्र पोर्टल’ के माध्यम से 52 पदों पर शिक्षकों की भर्ती को मंजूरी दे दी है। प्रशासन के सामने यह अहम सवाल था कि जब पवित्र पोर्टल के जरिए स्थायी शिक्षक स्कूलों में आ जाएंगे तो वर्तमान में काम कर रहे अस्थायी शिक्षकों का क्या होगा।
सम्बंधित ख़बरें
हाथ में तिरंगा और चेहरे पर संकल्प! सुप्रिया सुले ने प्रियंका गांधी संग शेयर की तस्वीर; दिया ‘जय हिंद’ का नारा
Nagpur Mahindra Plant: जमीन संकट में अटका 15000 करोड़ का प्रोजेक्ट, हाईटेंशन लाइनों ने बिगाड़ा महिंद्रा का खेल
पालघर में मूसलाधार बारिश का तांडव: 891 लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट; कालू नदी के उफान से 10 गांव कटे
छात्रों के समर्थन में साथ आए ठाकरे बंधु: 26 जुलाई को मुंबई में तिरंगा मार्च; उद्धव-राज का सरकार पर सीधा हमला
इस पर समिति ने स्पष्ट रुख अपनाया है कि पिछले एक-दो साल से मनपा स्कूलों के माहौल में सेवा दे रहे लगभग 52 अस्थायी शिक्षकों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। नए शिक्षकों के आने पर इन अनुभवी अस्थायी शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर अन्य स्थानों पर समायोजित किया जाएगा।
टुकड़ों में नहीं बल्कि एकमुश्त प्रस्ताव की मांग
समिति ने शिक्षा विभाग की टुकड़ों में प्रस्ताव लाने की कार्यप्रणाली पर रोक लगा दी है। विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि माध्यमिक, उच्च माध्यमिक, बालवाड़ी (किंडरगार्टन) और प्राथमिक स्कूलों में कुल कितने शिक्षकों की आवश्यकता है, इसकी एक संपूर्ण सूची तैयार की जाए। इस सूची में संगीत और अन्य सभी विषयों के शिक्षकों की जरूरत का भी पूरा ब्योरा होगा। अधिकारियों ने इस आवश्यकता का एक कच्चा मसौदा (ड्राफ्ट) प्रस्तुत कर दिया है, जिसे कुछ सुधारों के साथ अगली स्थायी समिति की बैठक में अंतिम रूप से पेश किया जाएगा।
शिक्षकों की कमी से बंद होने लगे थे स्कूल
बैठक में इस समस्या की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर भी चर्चा हुई। शुरुआत में मनपा के पास बड़ी संख्या में शिक्षक उपलब्ध थे जिन्हें आवश्यकता न होने पर विभिन्न अन्य विभागों में तैनात कर दिया गया था लेकिन बाद में यह स्थिति उलट गई; शिक्षकों की इतनी कमी हो गई कि कई स्कूल बंद पड़ने लगे। शिक्षकों की इस कमी की जानकारी रातों-रात नहीं हुई है बल्कि सभापति काफी समय से यह मुद्दा उठा रहे थे।
हाल ही में सभापति ने यह गंभीर विषय महापौर नीता ठाकरे के समक्ष रखा जिसके बाद महापौर ने मनपा आयुक्त के साथ चर्चा की और इस पूरी सुधारात्मक प्रक्रिया को गति मिली है जिसके परिणामस्वरूप 102 पदों से जुड़ी गतिविधियां शुरू हुई हैं।
हाई कोर्ट में लंबित है 35 शिक्षकों का मामला
इस नई भर्ती प्रक्रिया में उच्च न्यायालय में लंबित एक मामला भी अहम है। कुल 120 शिक्षकों की आवश्यकता में से 35 कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों का मामला फिलहाल उच्च न्यायालय में लंबित है। नागपुर मनपा ने तय किया है कि या तो इन 35 शिक्षकों को छोड़कर बाकी शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी या फिर उच्च न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहते हुए सभी 120 कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों की अस्थायी नियुक्ति की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- नवी मुंबई एयरपोर्ट पर भारत टैक्सी सेवा शुरू: CM फडणवीस ने दिखाई हरी झंडी, चालकों को मिले शेयर
पिछली भर्तियों का रिकॉर्ड
इस प्रस्ताव में पिछले शैक्षणिक सत्रों का विस्तृत हवाला भी दिया गया है। सत्र 2023-24 में विज्ञापन जारी कर 11 महीने के लिए 92 शिक्षकों की नियुक्ति की गई थी जिनका कार्यकाल 10 मई 2024 तक था। इसके बाद 2024-25 और 2025-26 के लिए भी नए प्रस्ताव पारित कर भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई और शिक्षकों को 10 मई 2026 तक सेवा में रखा गया। इसके अनुसार 2023-24 सत्र वाले शिक्षकों को अब तक 3 बार, 2024-25 वालों को 2 बार और 2025-26 वालों को एक बार नियुक्त किया जा चुका है।
