नागपुर मनपा को बम से उड़ाने की धमकी! देवेंद्र फडणवीस-नितिन गडकरी का कार्यक्रम भी निशाने पर, पुलिस और ATS अलर्ट

Nagpur Municipal Corporation Bomb Threat: नागपुर मनपा आयुक्त को 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' के नाम से मुख्यालय और 14 नवंबर को फडणवीस-गडकरी की मौजूदगी वाले कार्यक्रम को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल मिला।
Nagpur Municipal Corporation
नागपुर महानगर पालिका भवन (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • नागपुर मनपा आयुक्त के आधिकारिक ईमेल पर बम से उड़ाने की धमकी मिली।

  • मनपा मुख्यालय और महापौर कार्यालय को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई।

  • BDDS, डॉग स्क्वॉड और ATS ने करीब दो घंटे तक तलाशी ली।

  • शनिवार, 14 नवंबर के संगीत कार्यक्रम का भी धमकी भरे ईमेल में उल्लेख है।

Khalistan National Army Threat Nagpur: नागपुर उपराजधानी में उस समय हड़कंप मच गया जब महानगरपालिका के आयुक्त को उनके आधिकारिक ईमेल पर मनपा मुख्यालय और महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली।

दोपहर 1.27 बजे आए इस धमकी भरे ईमेल में शनिवार को आयोजित होने वाले एक बड़े संगीत कार्यक्रम को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। ईमेल प्राप्त होते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गई और सघन जांच अभियान शुरू किया गया।

हालांकि ईमेल में जिस कार्यक्रम का उल्लेख किया गया वह शनिवार को होने जा रहा है किंतु मेल मिलने के बाद अब प्रशासन सतर्क हो गया है। गत कुछ दिनों से अलग-अलग स्थानों पर इस तरह के ईमेल भेजे जा रहे हैं। हालांकि अब तक कोई अप्रिय घटना तो नहीं हुई लेकिन प्रशासन द्वारा इसे हल्के में नहीं लिया जा रहा है।

खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया ईमेल

धमकी भरा संदेश 'स्मिथस्टेव्ह 0941' नामक ईमेल आईडी से मनपा आयुक्त के आधिकारिक ईमेल 'कमिश्नर एनएमसी. जीओवी.इन' और मनपा की दूसरी अधिकृत आईडी पर भेजा गया।

मेल भेजने वाले ने अपना नाम स्टीव स्मिथ दर्ज किया है और नीचे 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' तथा 2 अन्य नामों का उल्लेख किया है। सूत्रों के अनुसार यह संदेश टूटी-फूटी अंग्रेजी और पंजाबी मिश्रित भाषा में लिखा गया है।

मनपा की कई गंभीर चेतावनियां दी गई हैं

  • मनपा इमारत और महापौर कायर्यालय पर दोपहर के समय बम हमले की धमकी दी गई।

  • मुंबई में आयोजित होने वाले एक बड़े कार्यक्रम में कार बम धमाके की धमकी शामिल है।

  • मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, बैंकों और अदालतों को भी निशाना बनाने का उल्लेख किया गया है।

  • 27 नवंबर और 31 दिसंबर को होने वाले कुछ बड़े आयोजनों में आईफोन बम के जरिए हमले की धमकी दी गई है।

  • संदेश में वर्ष 1984 की घटनाओं का बदला लेने की भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

ATS संयुक्त टीम की तरफ से 2 घंटे चला सघन तलाशी अभियान

धमकी भरा ईमेल मिलते ही मनपा आयुक्त कार्यालय के आईटी विभाग ने तुरंत पुलिस आयुक्त को मामले से अवगत कराया। दोपहर 2 बजे बीडीडीएस (बम निरोधक दस्ता), डॉग स्क्वॉड और एटीएस की एक संयुक्त टीम सिविल लाइंस स्थित नागपुर मनपा मुख्यालय पहुंची।

सुरक्षाबलों ने महानगरपालिका के सभी तलों, पार्किंग और रिकॉर्ड रूम की बारीकी से जांच की। करीब 2 घंटे तक चले इस तलाशी अभियान के बाद किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच के दौरान मनपा का प्रशासनिक कार्य कुछ समय के लिए रोक दिया गया था जिसे स्थिति स्पष्ट होने पर दोबारा शुरू किया गया।

Nagpur Municipal Corporation
जन्म से दिल में था छेद, 10 महीने के प्रथमेश की हुई मुफ्त ओपन हार्ट सर्जरी; 31 बच्चों को मिला नया जीवन

फडणवीस और गडकरी की मौजूदगी वाले कार्यक्रम भी निशाने पर

आयुक्त को भेजे गए ईमेल में लकड़गंज स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कच्छीवीसा मैदान में शनिवार, 14 नवंबर को शाम 6 बजे होने वाली संगीत संध्या को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।

इस - कार्यक्रम में इंडियन आइडल फेम गायक पवनदीप राजन और गायिका -चेतना भारद्वाज की प्रस्तुति होनी है। इस हाई-प्रोफाइल आयोजन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी उपस्थित रहने वाले हैं।

साइबर पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

साइबर पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(4), 353 और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धारा 66 एफ के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ईमेल के वास्तविक स्रोत और भेजने वाले का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच में जुटी है।